


- मुख्यमंत्री ने की प्रत्येक महिला हॉकी खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा
भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार की रात भोपाल में वूमेंस एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी: 2026 के समापन अवसर पर विजेता हॉकी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने के साथ ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि एशियाई विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को मध्य प्रदेश सरकार की ओर एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेलों में भारत का स्वर्णिम युग
भोपाल के नाथू बरखेड़ा के नव निर्मित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप के अंतिम मुकाबले में भारत की चीन पर 3-1 से हुई विजय पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉकी दिलों को जोड़ती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों में स्वर्णिम युग की ओर लौट रहा है। भारत में खेलों और खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहन मिला है।
हॉकी के वैश्विक मुकाबलों के लिए तैयार है भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा हुई है। चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने अद्भुत खेल खेला। भारत की टीम प्रशंसा की हकदार है जो चैंपियनशिप जीत कर श्रेष्ठता सिद्ध कर चुकी है। उन्होंने कहा कि टीम के कुशल तालमेल, लगन और जीत के संकल्प से बेटियों ने आज पूरे देश को गौरवान्वित किया है। चीन की टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। भोपाल हॉकी के वैश्विक मुकाबलों के लिए तैयार है। इसके लिए हॉकी संगठनों को प्रस्ताव दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप : 2026 जीतने पर भारत माता की जय उद्घोष के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई दी।
भारतीय टीम और खिलाड़ियों के साथ सपोर्ट स्टॉफ को भी प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वूमेंस एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 के समापन पर घोषणा की कि विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक महिला खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रुपये की राशि दी जाएगी। सपोर्टिंग स्टॉफ को भी ढाई-ढाई लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है। इससे हॉकी और अन्य खेलों से जुड़े खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, खेल विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ के अध्यक्ष दत्तो तैयब इकराम, एशियन हॉकी फेडरेशन के प्रेसीडेंट फोमियो ओगेरो, हॉकी इंडिया के पदाधिकारी मौजूद रहे। भोपाल के हॉकी ओलंपियन असलम शेर खां विशेष रूप से उपस्थित थे। प्रारंभ में एशियन हॉकी फेडरेशन के वाइस प्रेसिडेंट भोलानाथ सिंह ने सभी का स्वागत किया।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर