बहराइच की नव्या सिंह का अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिये चयन, ब्राजील में दिखाएंगी दमखम

युगवार्ता    28-Nov-2026
Total Views |
चित्र नव्या सिंह


बहराइच, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी नव्या सिंह ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले को गौरवान्वित किया है। ब्राजील में 3 से 8 दिसंबर तक आयोजित होने वाले वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए उनका चयन हुआ है। प्रतियोगिता में नव्या अंडर-68 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कोतवाली देहात क्षेत्र के सिविल लाइन निवासी नव्या ने शनिवार काे बताया कि वे इससे पहले छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन और खेल में उत्कृष्टता के आधार पर उनका चयन आईएसएफ जिम्नेजियाड के लिए किया गया है।

ब्राजील में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में नव्या को दुनिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के बीच अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उनके चयन से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। नव्या की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव्या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और जिले का नाम रोशन करेंगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Tags