नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जनवरी 2027 से शुरू होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को लेकर अभी से चर्चा तेज हो गई है। इस शृंखला से पहले 2021 में ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर भारत की ऐतिहासिक जीत एक बार फिर सुर्खियों में है। उस जीत को याद करते हुए विराट कोहली, रवि शास्त्री, ऋषभ पंत और हनुमा विहारी ने टीम के विश्वास, निडर अंदाज और संघर्ष की कहानी साझा की है।
जियोस्टार के साथ विशेष बातचीत में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने बताया कि 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के गाबा टेस्ट के दौरान वह अपने बच्चे के जन्म के लिए अस्पताल में थे और मोबाइल पर मैच देख रहे थे। उन्होंने शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर के बीच हुई साझेदारी को याद करते हुए कहा, “मैं अपने बच्चे के जन्म के लिए अस्पताल में था और फोन पर मैच देख रहा था। मैंने शार्दुल और वॉशिंगटन के बीच की साझेदारी उस समय तक देखी, जब हमें अस्पताल के लिए अंदर जाने से करीब 15 मिनट पहले तक का समय था। वह साझेदारी कितनी खास थी, यह इसी से समझा जा सकता है। पूरी शृंखला और गाबा टेस्ट में हमारी टीम ने जिस तरह का चरित्र और विश्वास दिखाया, वह शानदार था। जब किसी को हमसे जीत की उम्मीद नहीं थी, तब कई युवा खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई। यह भारतीय क्रिकेट की सबसे खास जीतों में से एक थी। मुझे नहीं लगता कि इससे ज्यादा खास कोई जीत रही है।”
भारत के तत्कालीन मुख्य कोच रवि शास्त्री ने गाबा की जीत को क्रिकेट के इतिहास में अनोखा करार दिया। उन्होंने कहा, “चाय के समय हमें साफ पता था कि ऋषभ पंत मैच जिताने के लिए लक्ष्य का पीछा करने जा रहे हैं। वॉशिंगटन और ऋषभ ने आखिरी घंटे में जिस तरह बल्लेबाजी की और एक-दूसरे का साथ दिया, वह अविश्वसनीय था। उनके खेल में कोई डर नहीं था। वे न तो इस बड़े मौके के दबाव में आए और न ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण से प्रभावित हुए। भारतीय क्रिकेट के प्रदर्शन की बात करें तो मैं इससे भी आगे जाकर कहूंगा कि मुझे नहीं लगता कि क्रिकेट के इतिहास में ऐसा कुछ पहले कभी देखा गया है।”
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने मैच के आखिरी पलों में नवदीप सैनी के साथ बनाई गई योजना का खुलासा किया। पंत ने कहा, “मेरे दिमाग में एक योजना थी। मैंने नॉन-स्ट्राइकर छोर से सैनी को बात करने के लिए बुलाया था। उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था। मैंने उनसे कहा कि तुम जहां भी हो, बस जितनी तेज दौड़ सकते हो, दौड़ना। मुझे लगा था कि वह रन आउट भी हो सकते हैं, तो हमें उससे कोई परेशानी नहीं होती, क्योंकि तब हमारे आठ विकेट गिर चुके होते। मुझे भरोसा था कि मैं अपना बल्ला क्रीज के अंदर पहुंचा दूंगा।”
भारतीय बल्लेबाज हनुमा विहारी ने भी गाबा टेस्ट से पहले टीम की मुश्किल परिस्थितियों और खिलाड़ियों के जज्बे को याद किया। उन्होंने कहा, “मुझे अच्छी तरह याद है कि जब हम 2021 में टेस्ट मैच खेलने गाबा पहुंचे थे, तब मैंने अश्विन भाई से कहा था कि ऐसा लग रहा है जैसे हम किसी युद्ध में जा रहे हों। हम चोटिल थे, थके हुए थे, लेकिन हार मानने को तैयार नहीं थे। गाबा पहुंचते समय हमारी स्थिति कुछ ऐसी ही थी। हमारे कई प्रमुख और पहली पसंद के खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे। यह हमारे साहस और संघर्ष की परीक्षा थी। उन परिस्थितियों में गाबा में खेलना आसान नहीं होता, लेकिन शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने जिस तरह साझेदारी की, खासकर शार्दुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा, वह बेहद अहम था।”
गौरतलब है कि भारत ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया को उसी के मैदान पर टेस्ट शृंखला में 2-1 से हराया था। गाबा में खेले गए अंतिम टेस्ट में भारत ने तीन विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलिया को इस मैदान पर 32 साल बाद टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 में पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे। शृंखला 21 जनवरी 2027 से शुरू होगी। सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे