उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने वाराणसी में किया काशी-तमिल संगमम 5.0 का उद्घाटन

युगवार्ता    28-Nov-2026
Total Views |
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन काशी-तमिल संगमम 5.0 का उद्घाटन करते हुए


उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन काशी-तमिल संगमम 5.0 का उद्घाटन करते हुए


—काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं शैक्षणिक संबंधों को मिलेगी नई मजबूती -मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी रहे मौजूद

वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को वाराणसी के नमो घाट पर काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उन्होंने डिजिटल बटन दबाकर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में तमिलनाडु से आए 250 विद्यार्थियों के दल ने भी हिस्सा लिया।

उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को गुलाबी मीनाकारी से निर्मित मोर का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया।

काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस संगमम को लेकर नमो घाट पर खासा उत्साह देखने को मिला। 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तमिलनाडु से सात अलग-अलग समूहों में कुल 1,750 प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे।

इस वर्ष काशी-तमिल संगमम की थीम महान तमिल कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर की कालजयी रचना 'तिरुक्कुरल' पर केंद्रित है। आयोजन के माध्यम से देशभर के युवाओं और विद्यार्थियों को तमिल भाषा, साहित्य और तिरुक्कुरल में निहित नैतिक एवं जीवन मूल्यों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल में कुल 1,330 दोहे हैं। इस महान ग्रंथ में नैतिकता, सदाचार, मानवीय व्यवहार, सामाजिक जीवन और जीवन मूल्यों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए हैं। काशी-तमिल संगमम के माध्यम से इन विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही देश की विविध भाषाओं और संस्कृतियों के बीच संवाद एवं आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी के अनुसार, इसी उद्देश्य से देश के 1,380 उच्च शिक्षण संस्थानों में 'तिरुक्कुरल अभ्यास' नाम से प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की इंटर्नशिप प्रदान की जाएगी। प्रत्येक संस्थान से एक विद्यार्थी का चयन किया जाएगा, जो अपने संस्थान के अन्य विद्यार्थियों को भी तिरुक्कुरल की साहित्यिक और सांस्कृतिक महत्ता से परिचित कराएगा।

संगमम के तहत तमिलनाडु से 50 शिक्षकों का दल भी वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों का दौरा करेगा। इस दौरान शिक्षक विद्यार्थियों को तमिल भाषा, साहित्य और प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल के बारे में जानकारी देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Tags