एयर इंडिया ने सऊदी अरब की उड़ानों पर रोक 31 दिसंबर तक बढ़ाई

युगवार्ता    29-Nov-2026
Total Views |
एयर इंडिया के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


एयर इंडिया के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया ने जेद्दा, दम्माम और रियाद के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस दो दिसंबर से जेद्दा की उड़ानें चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू करेगी।

एयर इंडिया ने रविवार को ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के कारण एयर इंडिया ने जेद्दा, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली सभी उड़ानों के निलंबन को 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस 2 दिसंबर से जेद्दा के लिए कुछ चुनिंदा उड़ानों को फिर से शुरू करेगी।

कंपनी ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद और दम्माम के लिए आने-जाने वाली उड़ानें भी 31 दिसंबर तक निलंबित रहेंगी। एयरलाइन ने कहा कि क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण हाल के हफ्तों में सऊदी अरब के लिए विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हूती विद्रोहियों के हमलों में सऊदी अरब के कुछ शहरों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया है।

एयर इंडिया ने कहा कि जिन यात्रियों के पास 27 नवंबर (या उससे पहले) की कन्फर्म बुकिंग है और वे 31 दिसंबर तक यात्रा करने वाले थे, वे एक बार बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं (यह उपलब्धता पर निर्भर करेगा)। इसके अलावा वे अपनी बुकिंग रद्द करके पूरा रिफंड भी ले सकते हैं।

कंपनी ने बताया कि जो यात्री अपनी यात्रा को रीशेड्यूल (तारीख बदलना) करना चाहते हैं, वे सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन से यानी वहां तक की यात्रा चुन सकते हैं। ऐसी नई यात्रा 14 जनवरी, 2027 तक पूरी हो जानी चाहिए।

एयर इंडिया ने कहा कि हमारी कस्टमर सपोर्ट टीम यात्रा की तारीख बदलने या रिफंड पाने में आपकी मदद के लिए उपलब्ध है। आप उनसे +91 11 69329333 / +91 11 69329999 पर संपर्क कर सकते हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में बताया कि वह जेद्दा की उड़ानें चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू करेगी। इसके तहत दो दिसंबर से जेद्दा और मंगलुरु के बीच सप्ताह में तीन उड़ानें शुरू की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags