
- महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों पर चर्चा
नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। संसद के आगामी विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को पेश होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने आवास सात, लोक कल्याण मार्ग पर भाजपा संसदीय दल की कार्यकारी समिति के साथ बैठक की। बैठक में इन विषयों पर चर्चा होने की खबर है।
प्रधानमंत्री ने बैठक के बाद इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सात, लोक कल्याण मार्ग पर भाजपा संसदीय दल की कार्यकारी समिति के साथ उनकी उत्कृष्ट बैठक हुई। इसमें विभिन्न विषयों पर सार्थक बातचीत हुई।
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, जेपी नड्डा, अश्विनी वैष्णव, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में आगामी विशेष सत्र और सरकार की संसदीय रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। सरकार की योजना महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को सदन में पेश करने की है।
इस बीच भाजपा ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में उपस्थित रहने और महत्वपूर्ण विधायी कार्यवाही के दौरान सरकार के रुख का समर्थन करने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
पार्टी के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल ने तीन लाइन के व्हिप में लोकसभा के सभी सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। व्हिप में जायसवाल ने सांसदों से महत्वपूर्ण विधायी कार्यवाही के दौरान सरकार के रुख का समर्थन करने को भी कहा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला आरक्षण लागू करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने नारी शक्ति वंदन संशोधन को समय की मांग बताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के संकल्प को पूरा करने का सरकार का दृढ़ निश्चय अटूट है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर