विपक्षी एकता की कोशिशः परिसीमन विधेयक पर स्टालिन और शरद पवार को मनाने चेन्नई-मुंबई जा रहे सोनिया, राहुल और खरगे

युगवार्ता    29-Nov-2026
Total Views |
मलिकार्जुन खरगे, सोनिया और राहुल गांधी


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर विपक्षी एकता बनाए रखने के लिए कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन के वरिष्ठ नेता रविवार को डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल पहले चेन्नई में स्टालिन और फिर मुंबई में शरद पवार से मिलेगा। दोनों दलों ने प्रस्तावित विधेयक को समर्थन देने के संकेत दिए हैं, जबकि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं। इसके लिए सारे नेता दिल्ली से चेन्नई को रवाना हो गए।

राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि इंडी गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे डीएमके को परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने के लिए अनुरोध करेंगे। लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने से भाजपा और आरएसएस को अपने फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा बदलने की खुली छूट मिल जाएगी। राहुल ने कहा कि स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ खड़े रहे हैं और राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित तथा संविधान की रक्षा के लिए इस विधेयक को मिलकर हराना जरूरी है।

राहुल गांधी के इस पोस्ट पर स्टालिन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए वह राहुल गांधी के आभारी हैं। उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखा है और इस रास्ते पर कभी समझौता नहीं करेगी।

कांग्रेस की ओर से यह राजनीतिक पहल संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले की जा रही है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 03 दिसंबर तक प्रस्तावित है। कांग्रेस नेतृत्व की कोशिश है कि विधेयक पर विपक्षी दलों के बीच मतभेद दूर कर साझा रणनीति बनाई जाए। शनिवार को खरगे के आवास पर हुई इंडी गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक में भी विधेयक का विरोध करने का फैसला किया गया था।

इससे पहले डीएमके ने अपने सांसदों की बैठक के बाद प्रस्तावित विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया था। पार्टी का कहना है कि संशोधित प्रस्ताव में तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में आनुपातिक वृद्धि और राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात बनाए रखने से जुड़ी उसकी मांगों को शामिल किया गया है। इसी तरह शरद पवार की पार्टी ने भी विधेयक को समर्थन देने के संकेत दिए हैं।

विपक्षी नेताओं की इस पहल में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल सहित अन्य दलों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। ममता बनर्जी शनिवार रात दिल्ली पहुंची थीं। उन्होंने कहा था कि उन्हें जल्द दिल्ली आने के लिए कहा गया था। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भी कहा कि इंडी गठबंधन और महाविकास आघाड़ी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी मुंबई में शरद पवार से भी मुलाकात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को खरगे के आवास पर हुई विपक्षी दलों की बैठक में कांग्रेस के अलावा तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और अन्य दलों के नेता शामिल हुए थे। डीएमके और आम आदमी पार्टी ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी संसद के दोनों सदनों में प्रस्तावित विधेयक का विरोध करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags