

रामगढ़ (झारखंड), 29 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के रामगढ़ जिले के पैंकी गांव के पास कुज्जू ओपी (पुलिस आउट पोस्ट) अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर शनिवार आधी रात गुजरने के बाद लगभग 1ः30 बजे हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 सदस्यों (पांच महिला और आठ पुरुष) की मौत हो गई। इनमें एक बच्ची भी है। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
बताया गया है कि बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो (बीआर 21पी 6331) में 14 लोग सवार थे। यह लोग परिवार के एक सदस्य की शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। चर्चा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार रही कि स्कॉर्पियो में बैठे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और सफर मातम में बदल गया।
सभी शव रामगढ़ सदर अस्पताल की मॉर्चरी में रखे गए हैं। स्थानीय पुलिस बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना तथा पीड़ित परिजनों से संपर्क साध रही है, ताकि मृतकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर तेज गति और आगे चल रहे अज्ञात वाहन को टक्कर मारना दुर्घटना का कारण प्रतीत हो रहा है। वास्तविक परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश