
- हुगली नदी पर बनेगा 4.5 किमी लंबा पुल
नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल गंगासागर तक रेल संपर्क बढ़ाने के लिए भारतीय रेलवे ने काकद्वीप-गंगासागर नई रेल लाइन के अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) को मंजूरी दे दी है। करीब 34 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन में हुगली नदी पर लगभग 4.5 किलोमीटर लंबा पुल भी बनाया जाएगा। इसके बनने से श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए गंगासागर पहुंचना अधिक सुविधाजनक होगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस रेल लाइन से गंगासागर की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। करीब 4.5 किलोमीटर लंबा यह पुल पूरा होने के बाद देश के सबसे लंबे रेल पुलों में शामिल हो सकता है।
गंगासागर पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप पर स्थित है। यहां गंगा नदी बंगाल की खाड़ी में मिलती है। यह स्थान धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पवित्र स्नान करने और कपिल मुनि मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं।
फिलहाल मुख्य भूमि से गंगासागर पहुंचने के लिए मुरीगंगा नदी को नौका से पार करना पड़ता है। इसके बाद सड़क मार्ग से आगे की यात्रा करनी होती है। नई रेल लाइन बनने से द्वीप तक पहुंचना आसान होगा और क्षेत्र में पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
रेलवे गंगा घाटी से लेकर उसके डेल्टा क्षेत्र तक धार्मिक और पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए परियोजनाओं पर काम कर रहा है। उत्तराखंड में 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन गढ़वाल क्षेत्र से होकर विकसित की जा रही है। यह परियोजना ऋषिकेश को देवप्रयाग और कर्णप्रयाग जैसे महत्वपूर्ण स्थानों से जोड़ेगी। पश्चिम बंगाल में काकद्वीप-गंगासागर रेल लाइन इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण परियोजना होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर