(लीड) आज भारत की ओर देख रही है दुनिया, संघ के साथ समाज की सज्जन शक्ति राष्ट्र कार्य के लिए आगे आएः मोहन भागवत

युगवार्ता    29-Nov-2026
Total Views |
Members of the Rashtriya Swayamsevak Sangh (RSS) doing physical training in the 'Rashtra Vandan' program to commemorate the 101st anniversary of the Sangh, in New Delhi on Sunday, November 29.


New Delhi, on Sunday, Sarsanghchalak Mohan Bhagwat and former Chief Justice Justice Jagdish Singh Khehar were present on the stage at an event marking the 101st anniversary of the Rashtriya Swayamsevak Sangh.


New Delhi, on Sunday, Sarsanghchalak Mohan Bhagwat and former Chief Justice Justice Jagdish Singh Khehar were present on the stage at an event marking the 101st anniversary of the Rashtriya Swayamsevak Sangh.


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि विश्व की अपेक्षा और भारतीयों की आकांक्षा है कि भारत दुनिया का नेतृत्व करे। इसे पूरा करने के लिए स्वयंसेवकों को अधिक परिश्रम करना होगा और समाज की सज्जन शक्ति को आगे आकर राष्ट्र पुनर्नउत्थान के कार्य में सहयोग देना होगा।

संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यों की पूर्णता पर रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित समरसता स्थल पर ‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर रहे। कार्यक्रम में एक लाख के करीब स्वयंसेवक गणवेश (संघ की ड्रेस) में उपस्थित रहे। इनमें से युवा स्वयंसेवकों ने शारीरिक एवं घोष का प्रदर्शन किया।

सरसंघचालक ने कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा विश्वासपात्र देश भारत है। अंतरराष्ट्रीय तनावों के बीच भी सबके प्रति अपनी सद्भावना दर्शाने वाला देश भारत है। भारत का यह स्वभाव है। हमें दुनिया को बहुत कुछ देना है और हमें दुनिया को सही मार्ग दिखाना है।

कार्यक्रम में मंच पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, उत्तर क्षेत्र के संघचालक पवन जिंदल और प्रांत संघचालक अनिल अग्रवाल मौजूद रहे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता और संघ पदाधिकारी कार्यक्रम में अग्रिम पंक्तियों में नजर आए। इनके अलावा समाज, राजनीति, खेल और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही।

संघ के शताब्दी वर्ष में किए कार्यों का उल्लेख करते हुए सरसंघचालक ने बताया कि पिछले एक वर्ष में संगठन ने देशभर और विदेश में भी संपर्क और संवाद कार्यक्रम किए। पांच महाद्वीपों की यात्रा का एक उद्देश्य संघ के बारे में किए जा रहे उलटे प्रचार के खिलाफ पक्ष रखना भी था। विदेशों में किए कार्यक्रमों से अनुभव आया कि सामान्यजन और अर्थ जगत से जुड़े लोगों में भारत के प्रति आश्चर्य का भाव है। उनका आश्चर्य व्यक्तिगत स्वतंत्रता के साथ समाजिक उत्तरदायित्व को निभाने की भारतीय परंपरा से भी जुड़ा है। इसी संबंध में वे भारत से उपाय चाहते हैं।

युवाओं में कुछ करने की भावना को आगे रखते हुए सरसंघचालक ने कहा कि वे देश को दुनिया का सिरमौर बनाना चाहते हैं। इसके लिए वे पराक्रम करने को तैयार हैं और हमें उन्हें परामर्श देना चाहिए। उन्हें देश की पहचान से जोड़ने की जरुरत है।

सरसंघचालक ने सत्य की खोज को हिन्दुत्व की व्याख्या से जोड़ा और कहा कि हमारा थका समाज विश्राम के बाद जागने की तैयारी में है और अंगड़ाई ले रहा है। स्वार्थी लोग अपना प्रयास करेंगे। देश की विविधता के कारण बांटने के प्रयास हुए हैं और आगे भी होते रहेंगे। लेकिन जन-जन अब जाग रहा है। संघ इसी जनशक्ति को जुटाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि संघ कार्य का उद्देश्य समाज को संघमय बनाना है। इसका अर्थ है कि समाज भारत को अपना मानकर जीए और सदगुणों को धारण कर तपस्या के मार्ग पर चले। ऐसा समाज जहां सज्जन शक्ति मौन न रहे और समाज स्वावलंबी बने। समता रहे और भेदभाव न हो। सभी को न्याय मिले और हमें स्वयं पर गर्व हो। स्वयंसेवकों को इसी दिशा में प्रयास करना है और शिव की तरह हलाहल विष पीते हुए समाज का सशक्तिकरण करना है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज को संघमय बनाने का सपना जल्द साकार करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हमारे पास आगे 100 वर्ष नहीं है और इसमें उन्होंने समाज की सज्जन शक्ति को जुड़ने की प्रेरणा दी।

न्यायमूर्ति खेहर ने 84 के दंगों में सिखों को बचाने में स्वयंसेवकों की भूमिका रेखांकित की

कार्यक्रम में पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जगदीश सिंह खेहर ने संघ कार्य की यात्रा का उल्लेख किया और 1947 के विभाजन, 1962 के चीन युद्ध और 1984 के सिख दंगों में एकता और देशभक्ति से प्रेरित भूमिका को रेखांकित किया। इसमें उन्होंने विशेष रुप से इस बात का उल्लेख किया कि सिख विरोधी दंगों के दौरान संघ के स्वयंसेवकों ने आगे आकर सिख परिवारों की रक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रख्यात लेखक और इतिहासकार खुशवंत सिंह ने तात्कालीन सत्ताधारी दल के शीर्ष नेतृत्व से निकट संबंध होने के बावजूद सिखों की जान बचाने और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका को स्वीकार किया था।

जस्टिस खेहर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विभाजन के दौरान संघ के स्वयंसेवकों के बड़े पैमाने पर राहत शिविरों का संचालन करने और लाखों हिन्दुओं और सिखों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

न्यायमूर्ति ने संकट के समय पर आगे आकर कार्य करने के लिए स्वयंसेवकों को धन्यवाद दिया और कहा कि संघ जिस ध्येय को लेकर प्रारंभ हुआ था, 100 वर्षों बाद भी उसी पर चल रहा है। तमाम चुनौतियों के बावजूद वह अपने मूल विचार पर दृढ़ता से कायम रहा है। उन्होंने कहा कि 15 से 20 युवाओं के छोटे से समूह के साथ आरंभ हुआ संगठन आज अपनी निस्वार्थ सेवा और अनुशासन के आधार पर संभवतः दुनिया का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बन चुका है।

उन्होंने न्यूयार्क के मेयर के सरसंघचालक की न्यूयार्क यात्रा के दौरान किए गए तंज का उल्लेख किया और सरसंघचालक मोहन भागवत के अमेरिका, कनाडा और लंदन में दिये वक्तव्य को उद्धृत करते हुए स्पष्ट बताया कि संघ भी विविधता की एकता की बात करता है और उसे मजबूत करने के लिए कार्य करता है।

56 एकड़ में भव्य आयोजन, नौ हजार स्वयंसेवकों ने किया प्रदर्शन

रोहिणी सेक्टर-23 स्थित 56 एकड़ में फैले समरसता स्थल पर आयोजित 'राष्ट्र वंदनम्' कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण नौ हजार स्वयंसेवकों की ओर से प्रस्तुत शारीरिक एवं योग प्रदर्शन रहा। वहीं, 800 घोष वादकों की सामूहिक प्रस्तुति ने आयोजन को विशेष स्वरूप दिया। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक अनुशासन का वातावरण दिखाई दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित दिल्ली सरकार के कई मंत्री उपस्थित रहे। सभी ने संघ की प्रार्थना में सहभागिता की और ध्वज प्रणाम किया। दिल्ली सरकार के कई मंत्री संघ के गणवेश में भी दिखाई दिए। बड़ी संख्या में साधु-संतों की उपस्थिति भी रही।

दिल्ली में 565 नई शाखाएं, अब कुल संख्या 2322

आयोजन में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान दिल्ली में किए गए संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। सह प्रांत कार्यवाह राजेश कुमार ने बताया गया कि शताब्दी वर्ष में दिल्ली में 565 नई शाखाएं शुरू की गई हैं। इसके साथ ही राजधानी में संघ की कुल शाखाओं की संख्या बढ़कर 2322 हो गई है।

सामाजिक संपर्क और जनजागरण की गतिविधियों के अंतर्गत दिल्ली में 1705 हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया गया, जिनके लिए 1.92 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में 19 कॉलोनियों में एरोबिक और कंपोस्टिंग प्लांट स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक लाख तुलसी पेपर सीड वितरित करने की भी योजना है।

आयोजन के दौरान राजधानी के तीन प्रमुख स्थानों और 33 अन्य स्थानों पर रंगोली बनाई गई। इन गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देने का प्रयास किया गया।

समाज परिवर्तन के लिए तीन महत्वपूर्ण संकल्पों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाकर साकार

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि राष्ट्र वंदनम् की विशेष उपलब्धि यह रही कि संघ ने इस कार्यक्रम के साथ समाज परिवर्तन के लिए तीन महत्वपूर्ण संकल्पों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाकर साकार किया। इनमें पहला संकल्प ‘जीरो वेस्ट समाज’ के निर्माण का है। इसके अंतर्गत दिल्ली की 19 कॉलोनियों में कचरा प्रबंधन और अपशिष्ट को न्यूनतम करने की दिशा में कार्य प्रारंभ किया है।

दूसरा संकल्प ‘ड्रग फ्री सोसाइटी’ अर्थात नशामुक्त समाज के निर्माण का है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से स्वयंसेवकों ने सामाजिक संगठनों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से अब तक 15,000 से अधिक युवाओं तक पहुंचकर काम को आगे बढ़ाया है।

तीसरा संकल्प पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का है। इसके अंतर्गत कार्यक्रम स्थल के आसपास लगभग तीन से चार किलोमीटर के क्षेत्र में 50,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस दिशा में पिछले दो-तीन महीनों के दौरान लगभग 45,000 पौधों का रोपण किया जा चुका है। ये तीनों संकल्प समाज की सक्रिय सहभागिता से सकारात्मक एवं स्थायी सामाजिक परिवर्तन की दिशा में उठाए गए ठोस कदम हैं।

तकनीक आधारित प्रबंधन और व्यवस्था

दिल्ली प्रांत में संघ की लगभग 2,400 शाखाओं के माध्यम से इस आयोजन की व्यापक तैयारियां की गई थीं। पंजीकरण के लिए ‘अविरल’ ऐप का उपयोग किया गया। इसके माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता के लिए 85,000 से अधिक स्वयंसेवकों और 75,000 से अधिक समाज के प्रबुद्ध एवं गणमान्य नागरिकों ने पंजीकरण कराया। इस प्रकार कुल पंजीकरण की संख्या 1.60 लाख से अधिक रही।

कार्यक्रम स्थल पर सुगम एवं सुव्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए आठ प्रमुख प्रवेश द्वार बनाए गए थे। सुरक्षा और समन्वय की दृष्टि से सभी प्रवेश द्वार पर क्यूआर कोड स्कैनिंग से ही प्रवेश तय किया गया था। दिल्ली प्रांत के संघ कार्य के आठ विभागों के अनुरूप इन द्वारों को अलग-अलग रंगों से चिह्नित किया गया। वाहनों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी की गई।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags