

इंदौर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित तीन दिवसीय मालवा मुद्रा महोत्सव रविवार को संपन्न हो गया। इस महोत्सव में प्रदर्शित इन दुर्लभ स्वर्ण मुद्राओं ने लोगों का खासा आकर्षित किया। सदियों पुराना इतिहास जब सोने के छोटे-छोटे सिक्कों पर उभरकर सामने आया तो लोग उन्हें निहारते रह गए। इन मुद्राओं पर कहीं राजा हाथ में राजदंड लिए खड़े थे तो कहीं धनुष-बाण से शेर का शिकार करते नजर आए। देवी लक्ष्मी और मां दुर्गा की आकृतियों से सजे ये सिक्के गुप्तकालीन शासन, शौर्य और धार्मिक मान्यताओं की झलक दिखा रहे थे।
इंदौर के बास्केटबॉल क्लब में आयोजित मालवा मुद्रा महोत्सव में देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे मुद्रा संग्राहकों ने अपने खास संग्रह प्रदर्शित किए। इनमें गुप्तकाल के सिक्के विशेष रूप से लोगों की दिलचस्पी का केंद्र रहे। इन पर बनी आकृतियां केवल सजावट नहीं, बल्कि तत्कालीन राजाओं की पहचान, सैन्य कौशल और धार्मिक आस्था से जुड़ी जानकारियां भी सामने लाती हैं।
गुप्तकाल में सोने के सिक्कों का था व्यापक चलन
भारतीय इतिहास में चौथी से छठी शताब्दी के गुप्तकाल को स्वर्ण युग के रूप में जाना जाता है। इस दौर में कला, साहित्य, विज्ञान और व्यापार के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ। गुप्त शासकों ने बड़ी संख्या में सोने की मुद्राएं जारी की थीं, जिन्हें दीनार कहा जाता था। इन सिक्कों की खासियत यह थी कि उन पर शासकों को अलग-अलग रूपों में दर्शाया जाता था। कहीं उनके हाथों में अस्त्र-शस्त्र दिखाई देते हैं तो कहीं धार्मिक प्रतीक और देवी-देवताओं की छवियां अंकित हैं। बारीक नक्काशी के जरिए राजाओं की उपलब्धियों और उनकी छवि को मुद्राओं पर उकेरा जाता था।
विंटेज कॉइन कलेक्टर निशांत पारीक के मुताबिक, गुप्तकाल में सोने के सिक्कों का इस्तेमाल काफी प्रचलित था। आम लोग भी इन मुद्राओं का उपयोग करते थे। इसके उलट कई दूसरे राजवंशों में रोजमर्रा के लेन-देन के लिए तांबे और चांदी के सिक्के अधिक इस्तेमाल किए जाते थे।
समुद्रगुप्त के हाथ में राजदंड, दूसरी तरफ लक्ष्मी
प्रदर्शनी में रखा समुद्रगुप्त का स्वर्ण सिक्का अपने ऐतिहासिक महत्व के कारण खास है। करीब आठ ग्राम वजन वाली इस मुद्रा पर समुद्रगुप्त को हाथ में राजदंड थामे दिखाया गया है। उनके हाथ के नीचे ब्राह्मी लिपि में संस्कृत का 'समुद्र' शब्द लिखा हुआ है। सिक्के के दूसरे हिस्से में देवी लक्ष्मी की आकृति बनी है। संग्राहक निशांत पारीक के अनुसार, इस दुर्लभ सिक्के की अनुमानित संग्रहणीय कीमत 1.25 लाख से 1.50 लाख रुपये के बीच है।
चंद्रगुप्त द्वितीय की मुद्राओं में दिखती युद्धकला
गुप्त शासक चंद्रगुप्त द्वितीय, जिन्हें विक्रमादित्य के नाम से भी जाना जाता है, ने अलग-अलग प्रकार की स्वर्ण मुद्राएं जारी की थीं। इनमें आर्चर टाइप सिक्का उल्लेखनीय है। इस पर राजा को हाथ में धनुष लिए दिखाया गया है। यह आकृति उनके युद्ध कौशल और वीरता का प्रतीक मानी जाती है। निशांत पारीक के मुताबिक, इस सिक्के की अनुमानित कीमत 1.35 लाख से 1.45 लाख रुपये तक है।
शेर के शिकार वाला सिक्का सबसे महंगा
चंद्रगुप्त द्वितीय का लायन स्लेयर टाइप सिक्का भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। इस पर राजा को धनुष-बाण के जरिए शेर का शिकार करते हुए उकेरा गया है। इसके दूसरी तरफ मां दुर्गा की आकृति अंकित है। इस मुद्रा में एक ओर शासक की वीरता और दूसरी ओर धार्मिक आस्था की झलक मिलती है। इसकी अनुमानित संग्रहणीय कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
काकतीय काल का छोटा स्वर्ण सिक्का भी प्रदर्शनी में
महोत्सव में प्राचीन मुद्राओं के बीच काकतीय राजवंश का एक बेहद छोटा सोने का सिक्का भी प्रदर्शित किया गया है। इसे नागपुर से आए संग्राहक अविनाश रामटेके ने अपने संग्रह में शामिल किया है। वारंगल में शासन करने वाले काकतीय राजवंश के समय सोने की मुद्राओं का उपयोग बड़ी रकम के लेन-देन में होता था, जबकि सामान्य कारोबार में तांबे और चांदी के सिक्के चलन में थे। सोने के छोटे मूल्यवर्ग की मुद्रा होने के कारण इसका आकार भी छोटा रखा गया था।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर