टाटा संस के निदेशक मंडल की सोमवार की बैठक में सूचीबद्धता, चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर होगी चर्चा

युगवार्ता    29-Nov-2026
Total Views |
टाटा संस के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के निदेशक मंडल की सोमवार, 30 नवंबर को होने वाली बैठक में कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने और चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति से जुड़े विवादित मुद्दों पर चर्चा होगी।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को दी जानकारी में बताया कि टाटा सन्स के निदेशक मंडल सोमवार को होने वाली बैठक में कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने और उसके चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति समेत कई विवादित मुद्दों को लेकर भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

इस बीच, कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा की चिंताएं बरकरार हैं। नोएल के प्रमुख प्रस्तावों पर विरोध जताते रहने की संभावना है। वहीं, टाटा संस प्रबंधन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नियमों का हवाला देते हुए सूचीबद्धता के बारे में आगे की रणनीति बताने के लिए तीन महीने की समयसीमा का मुद्दा उठा सकता है।

यह बैठक बंबई उच्च न्यायालय के उस फैसले के तीन दिन बाद हो रही है, जिसमें नोएल की अध्यक्षता वाले दो परोपकारी ट्रस्टों को टाटा संस के प्रस्तावों पर टाटा ट्रस्ट के विशेष मतदान अधिकारों और मत बराबर होने की स्थिति में चेयरमैन को निर्णायक मत देने से रोकने की मांग पर तत्काल राहत नहीं मिली थी।

हालांकि, अदालत ने कहा है कि इस मामले में अंतिम फैसला बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रभावित करेगा। बैठक का एजेंडा बदलने की नोएल की मांग स्वीकार कर ली गई है। अब टाटा संस की पुनर्गठन योजना पर चर्चा पहले होगी।

उल्लेखनीय है कि इस साल 11 सितंबर को हुई निदेशक मंडल की पिछली बैठक में चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव को 4:1 के मत से मंजूरी मिली थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags