
नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। प्राइमरी मार्केट में कल यानी 30 नवंबर से शुरू होने वाले नए कारोबारी सप्ताह के दौरान जोरदार एक्शन देखने को मिलने वाला है। इस सप्ताह बाजार में कुल पांच नए आईपीओ दस्तक देने जा रहे हैं। इनमें से तीन आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि बचे हुए दो इश्यू एसएमई सेगमेंट से जुड़े हैं। इसके अलावा, पिछले हफ्ते से खुले दो अन्य आईपीओ में भी निवेशकों के पास दांव लगाने का मौका बना रहेगा। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह तीन कंपनियां स्टॉक मार्केट में अपनी शुरुआत करने वाली हैं।
सप्ताह के दूसरे दिन एक दिसंबर को मातंगी रबर का 125.16 करोड़ रुपये का आईपीओ खुलेगा। निवेशक इस इश्यू में 3 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए 163 रुपये से 172 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इसका लॉट साइज 87 शेयरों का है। आईपीओ बंद होने के बाद 8 दिसंबर को बीएसई और एनएसई पर इसके शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
इसी दिन यानी 1 दिसंबर को ही एजे पैकेजिंग का 54 करोड़ रुपये का आईपीओ भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस एसएमई आईपीओ में 3 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। इसके लिए प्राइस बैंड 175 रुपये से 180 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और लॉट साइज 800 शेयरों का है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 8 दिसंबर को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर होने की उम्मीद है।
सप्ताह के तीसरे दिन 2 दिसंबर को स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स का 799.88 करोड़ रुपये का बड़ा मेनबोर्ड आईपीओ खुलेगा। इसमें निवेशक 4 दिसंबर तक दांव लगा सकेंगे। कंपनी ने इस इश्यू के लिए 105 रुपये से 111 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है, जबकि लॉट साइज 135 शेयरों का तय किया गया है। इस आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 9 दिसंबर को बीएसई और एनएसई पर शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
इसी दिन यानी 2 दिसंबर को मोनोमार्क इंजीनियरिंग इंडिया का 175.50 करोड़ रुपये का आईपीओ भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुल जाएगा। इस मेनबोर्ड इश्यू में निवेशक 4 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए प्राइस बैंड 60 रुपये से 65 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 225 शेयरों का तय है। इसके शेयरों की लिस्टिंग भी 9 दिसंबर को बीएसई और एनएसई पर होने की संभावना है।
इसके अगले दिन 3 दिसंबर को विश्वास रिफॉइल्स एंड कंज्यूमर का 25.78 करोड़ रुपये का आईपीओ खुलेगा। इस एसएमई इश्यू में निवेशक 7 दिसंबर तक अपनी बोली लगा सकेंगे। का प्राइस बैंड 85 रुपये से 90 रुपये प्रति शेयर है और लॉट साइज 1600 शेयरों का तय किया गया है। इसके बाद 10 दिसंबर को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयर लिस्ट हो सकते हैं।
इन नए इश्यू के अलावा, पहले से खुले मेनबोर्ड सेगमेंट के फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स के 360.76 करोड़ रुपये के आईपीओ में सोमवार यानी 30 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए प्राइस बैंड 181 रुपये से 191 रुपये प्रति शेयर है। इसी तरह 35.64 करोड़ रुपये के एयरप्रो टेक्नोलॉजी इंडिया के आईपीओ में 1 दिसंबर तक बोली लगाने का मौका रहेगा, जिसका फाइनल प्राइस 99 रुपये प्रति शेयर तय है।
जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो सप्ताह के दूसरे दिन 2 दिसंबर को श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे। इसके अगले दिन 3 दिसंबर को फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होकर अपने कामकाज की शुरुआत करेंगे। सप्ताह के अंत में 4 दिसंबर को एयरप्रो टेक्नोलॉजी इंडिया के शेयरों की एनएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक