थाईलैंड पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में सुकांत कदम ने जीते स्वर्ण और रजत पदक

युगवार्ता    29-Nov-2026
Total Views |
भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुकांत कदम


नई दिल्ली, 29 नवंबर हि.स.)। भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुकांत कदम ने थाईलैंड पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। उन्होंने पुरुष एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष युगल वर्ग में प्रमोद भगत के साथ रजत पदक हासिल किया।

बैंकॉक में रविवार को संपन्न प्रतियोगिता में सुकांत ने पुरुष एकल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा, धैर्य और निरंतरता का शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्होंने पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद भगत के साथ मिलकर पुरुष युगल में भी फाइनल तक का सफर तय किया और रजत पदक जीता।

सुकांत ने अपनी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि एकल में स्वर्ण और प्रमोद भगत के साथ युगल में रजत जीतना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने अपने कोच, सहयोगी स्टाफ और इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो पदक जीतने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए और मेहनत करेंगे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags