
लॉस एंजिल्स (कैलिफोर्निया) अमेरिका, 29 नवंबर (हि.स.)। कैलिफोर्निया के दक्षिण में तट पर शनिवार को 5.0 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। इससे लॉस एंजिल्स और आसपास के इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए। लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। अमेरिकी भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र लॉस एंजिल्स के तटीय शहर मैनहट्टन बीच से लगभग 3.7 मील (करीब 6 किमी) पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में समुद्र के भीतर 7.6 मील की गहराई पर रहा।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य भूकंप के बाद भी धरती कांपती रही। अनेक आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) महसूस किए गए। इनमें एक झटके की तीव्रता 4.5 तक दर्ज की गई। घरों और चौराहों के कैमरों के वीडियो में सुबह लॉस एंजिल्स में आए भूकंप के पल कैद हो गए। घरों में तेज कंपन महसूस होते ही समुद्र तटीय कस्बों में लोग दुकानों से बाहर भागने लगे।
लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर छत से टाइलें गिर गईं और कांच टूट गए। वहीं, ग्रोसरी स्टोर की पार्किंग में खड़ी कारों के अलार्म बजने लगे। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, लॉस एंजिल्स के तट के पास आए कोई बड़ा नुकसान या किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यहां भूकंप आते ही रहते हैं। लेकिन इस बार के झटके काफी तेज रहे, जो यहा लंबे समय से रह रहे लोगों और आगंतुकों दोनों के लिए हैरान करने वाले थे।
अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी भूकंप (आफ्टरशॉक्स) आ सकते हैं। लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने कहा, याद रखें कि यहां हम अकसर भूकंप का सामना करते रहते हैं। यह भूकंप काफी शक्तिशाली रहा। लोगों को अपने रोजमर्रा के कामों को रोकने की कोई जरूरत नहीं है।
कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार, इस इलाके में कुल मिलाकर कम से कम 40 झटके महसूस किए गए। लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट की छत से टाइलें और धूल गिरने पर लोग कुछ देर के लिए मेजों के नीचे छिप गए। एयरपोर्ट की कुछ खिड़कियां टूट गईं।
ह्यूस्टन की रहने वाली उडुआक अकपानाकपाउयो ने कहा गि वह यूनाइटेड एयरलाइंस के एक कियोस्क के पास खड़ी थीं तभी उन्हें अपने नीचे जमीन हिलती हुई महसूस हुई। उन्होंने कहा कि पूरी इमारत हिल रही थी और उन्होंने कांच की खिड़कियों को टूटकर गिरते हुए देखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद