
कोलकाता, 03 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर संदेह जताने के लिए मुख्य विपक्षी दल की कड़ी आलोचना की।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने आज कहा कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने की एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कांग्रेस 57 चुनाव हार चुकी है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर अपनी चुनावी हार पर आत्ममंथन के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने का गंभीर आरोप लगाया।
भाजपा नेत्री ने मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के हालिया बयानों की निंदा की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस रुख का भी जिक्र किया, जिसमें स्पष्ट कहा गया था कि प्रधानमंत्री का राजनीतिक विरोध करना लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है लेकिन इस राजनीतिक विरोध की आड़ में देश की मुख्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाने की इस प्रक्रिया का विरोध करने पर विपक्ष की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए स्मृति ईरानी ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने पूछा कि अगर मतदाता सूची में फर्जी नाम या मृत व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं तो कांग्रेस पार्टी मृत लोगों के नाम मतदाता सूची में वापस क्यों जुड़वाना चाहती है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजय का सामना कर रही कांग्रेस अब अपनी रणनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप मढ़कर अपनी राजनीतिक हताशा छिपाने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा