फडणवीस बोले- महायुति सरकार ने किसानों की सबसे ज्यादा मदद की

युगवार्ता    03-Nov-2026
Total Views |
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस


मुंबई, 03 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार की ओर से किसानों के लिए घोषित की गई अग्रिम आर्थिक सहायता को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को सबसे अधिक आर्थिक मदद महायुति सरकार ने दी है, जबकि पिछली सरकारों ने किसानों को केवल आश्वासन देकर उनके साथ अन्याय किया।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने किसानों के लिए कुछ खास नहीं किया और अब वही लोग सरकार के फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, विपक्ष चाहे कुछ भी कहे, उनकी सरकार किसानों की मदद करना जारी रखेगी।

हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो के लोकार्पण समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के बैंक खातों में अग्रिम सहायता राशि जमा होनी शुरू हो गई है। केंद्र और राज्य सरकार दोनों किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता को लेकर विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूमने और आलीशान घरों में रहने की आदत है, उन्हें पांच हजार रुपये की अहमियत समझ में नहीं आ सकती। उन्होंने कहा कि पांच हजार रुपये का वास्तविक महत्व केवल एक किसान ही समझ सकता है। किसानों के लिए यह राशि मुश्किल समय में बड़ी राहत साबित हो सकती है।फडणवीस ने स्पष्ट किया कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है और आर्थिक संकट के इस दौर में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Tags