महाराष्ट्र के किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं, सूखे से निपटने के लिए केंद्र करेगा मदद: प्रधानमंत्री

युगवार्ता    03-Nov-2026
Total Views |
पंतप्रधान नरेंद्र मोदी


पुणे, 03 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को महाराष्ट्र के किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य में सूखे की स्थिति से केंद्र सरकार पूरी तरह अवगत है और आने वाले समय में इससे उबरने के लिए महाराष्ट्र को हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से किसानों को अग्रिम आर्थिक सहायता दी गई है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भी पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक मदद पहुंचाई है।

हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो के लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मराठी भाषा में संबोधन करते हुए महाराष्ट्र के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को अग्रिम सहायता उपलब्ध कराई है और केंद्र सरकार भी उनके साथ खड़ी है।उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा, महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति की मुझे जानकारी है। राज्य सरकार ने अग्रिम सहायता दी है। मैंने पीएम किसान की राशि भी दी है। किसानों, आप चिंता मत कीजिए।उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य में जल संरक्षण के कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। हालांकि, पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियां अभी भी बड़ी हैं और उनसे निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से भी सहायता दी जाएगी।

त्योहार मनाते समय सूखाग्रस्त किसानों को भी याद रखें

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि त्योहारों के दौरान समाज के उन लोगों की परेशानियों को भी समझें, जो कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहार मनाते समय सूखे से प्रभावित अपने किसान भाइयों और अन्य जरूरतमंद लोगों का भी ध्यान रखना चाहिए। समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता बनाए रखना जरूरी है।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, मंत्री चंद्रकांत पाटील, राज्य मंत्री माधुरी मिसाल, पुणे की महापौर मंजुषा नागपुरे और पिंपरी-चिंचवड़ के महापौर रवि लांडगे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

पुणे 2030 तक बनेगा देश का प्रमुख परिवहन केंद्र: फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हिंजवड़ी आईटी पार्क में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों को रोजाना घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहना पड़ता था। ऐसे में हिंजवड़ी से शिवाजीनगर तक मेट्रो सेवा शुरू होने का सभी को लंबे समय से इंतजार था। प्रधानमंत्री के हाथों इस मेट्रो मार्ग का लोकार्पण होना पूरे पुणे के लिए खुशी का अवसर है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पुणे में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से वर्ष 2030 तक पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र को देश के प्रमुख परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है।मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा ऑटोमोबाइल उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इसके परिणामस्वरूप देश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

महाराष्ट्र के 12 शहरों में चल रहे हैं मेट्रो प्रोजेक्ट

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि देश का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क महाराष्ट्र में विकसित किया जा रहा है। राज्य के 12 महानगरों में मेट्रो परियोजनाओं का काम जारी है। मेट्रो सेवाओं के विस्तार से इन शहरों की अर्थव्यवस्था को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार की विकास नीतियों में समाज के अंतिम व्यक्ति को ध्यान में रखा गया है। एक ओर देश में आधुनिक पुल, रेलवे लाइन, मेट्रो और फ्लाईओवर का निर्माण हो रहा है, दूसरी ओर गरीबी उन्मूलन के लिए भी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप देश में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Tags