पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष की नियुक्ति और पराली जलाने के आंकड़ों को लेकर उठाए सवाल

युगवार्ता    03-Nov-2026
Total Views |
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा  प्रेस कांफ्रेंस करते हुए


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष की नियुक्ति और राज्य में पराली जलाने के आंकड़ों को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाएं हैं।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली से लाकर अपने राजनीतिक प्रवक्ता रीना गुप्ता को पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। पंजाब के इतिहास में पहली बार, किसी ऐसे व्यक्ति को इस पद पर नियुक्त किया गया है जो न तो पंजाबी है, न ही आईएएस अधिकारी है और न ही तकनीकी विशेषज्ञ है।

मंत्री सिरसा ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में पत्रकार वार्ता कर कहा कि पंजाब में पराली न जलाए जाने का दिखावा करने के लिए विज्ञापनों पर 20-25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जबकि पराली जलाने पर कई एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।

सिरसा ने पंजाब में जिलेवार दर्ज एफआईआर की प्रतियां मीडिया के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों का यह पूरा बंडल पराली जलाने के मामलों में दर्ज एफआईआर का है।

सिरसा ने कहा कि आआपा की पंजाब सरकार ने विज्ञापनों पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें रीना गुप्ता को इस अभियान के चेहरे के रूप में पेश किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ, किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि सरकार का दावा है कि पंजाब में कहीं भी आग नहीं लगाई जा रही है और न ही पराली जलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली का बदला ले रहे हैं। मैं दिल्ली की जनता को यह भी बताना चाहता हूं कि पिछले एक दशक में दिल्ली सरकार और दिल्ली के लोगों ने मिलकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस साल दिल्ली में 220 दिन हवा साफ रही, जो पिछले एक दशक में सबसे अधिक है। अक्तूबर 2023 पिछले एक दशक का सबसे साफ अक्टूबर रहा।

सिरसा ने कहा कि वे केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से विनती करते हैं कि दिल्ली के साथ ऐसा अत्याचार ना करें। उन्होंने कहा कि आआपा ने जो 10 साल में दिल्ली को बर्बाद करके गए, अब दिल्ली वापस अपने दिल्ली वाले रूप में आ रही है। दिल्ली का प्रदूषण लगातार कम हो रहा है और दिल्ली के लोग अपने आपको ठीक करने के लिए ईवी गाड़ियां खरीद रहे हैं।

सिरसा ने कहा कि दिल्ली के लोग मिलकर प्रदूषण की जंग से लड़ रहे हैं और पंजाब में पराली जलाना बंद कर दीजिए। उन्होंने कहा कि पराली के जलने से जो दिल्ली पिछले एक साल से साफ थी, पंजाब में पराली जलाकर फिर से दिल्ली की हवा प्रदूषित करने का काम किया है।

सिरसा ने कहा कि आआपा व केजरीवाल के राज में पंजाब का बठिंडा देश का सबसे प्रदूषित बन गया है। उन्होंने कह कि पहले दिल्ली को बर्बाद किया था प्रदूषण से और अब 5 साल में पंजाब को भी बर्बाद करके नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Tags