
-सहरसा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ी भीड़
पटना, 04 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को सहरसा में कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा अभियान के तहत सहरसा पहुंचे राय ने कहा कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के नेता चाहे जितना भ्रम और अफवाह फैलाने की कोशिश कर लें, देश की जनता उनके दोहरे चरित्र, नकारात्मक राजनीति और मंशा को समझ चुकी है। जनता अब उनके झूठे नैरेटिव में आने वाली नहीं है। लोगों का अटूट विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और उनकी विकासोन्मुखी नीतियों पर है।
रेनबो रिसोर्ट जिला परिषद से शहीद चौक तक आयोजित पदयात्रा में उमड़ी भीड़ और लोगों के उत्साह का जिक्र करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि आज गांव-गांव, शहर-शहर और देश के हर कोने से एक ही आवाज सुनाई दे रही है- ‘मोदी, हम तुम्हारे साथ हैं।’ यह आवाज प्रधानमंत्री के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव समेत विपक्षी दलों के अन्य नेता लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाकर देश को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके इरादों को समझ रही है।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन की पहचान भ्रष्टाचार, कुशासन, नीतिगत पंगुता और आतंकवाद के प्रति कमजोर रवैये से रही है। उस दौर में देश की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और विकास की आकांक्षाओं के साथ समझौता किया गया। उन्होंने कहा कि आज वही कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता को गुमराह करने के लिए झूठ और भ्रम का सहारा ले रहे हैं।
नित्यानंद राय ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में देश की जनता ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है। भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य अवश्य हासिल करेगा। देश की जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए राष्ट्रहित, विकास और सुशासन के मार्ग पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ती रहेगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त