मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के मैचों का कार्यक्रम घोषित

युगवार्ता    04-Nov-2026
Total Views |
फोटो- भारतीय महिला टीम


नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। एशियन हॉकी फेडरेशन (एएचएफ) ने मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के मैचों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नए हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें खिताब के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगी।

यह टूर्नामेंट भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि पिछले महीने जापान में आयोजित एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है। मेजबान भारत की टीम इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन के रूप में हिस्सा लेगी। भारतीय टीम अब तक 2016, 2023 और 2024 में यह खिताब अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में टीम की नजर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने और अपने खिताबों की संख्या बढ़ाने पर होगी।

टूर्नामेंट राउंड रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा। इसमें सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।

टूर्नामेंट के पहले दिन 19 नवंबर को चीन और थाईलैंड के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के खिलाफ करेगा। इसी दिन मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी भी होगी। इसके बाद मेजबान भारतीय टीम 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान का सामना करेगी।

20, 23 और 26 नवंबर को विश्राम दिवस (रेस्ट डे) तय किए गए हैं। 27 नवंबर को पांचवें और छठे स्थान के लिए क्लासिफिकेशन मैच होगा, जिसके बाद दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। टूर्नामेंट 28 नवंबर को ब्रॉन्ज मेडल मैच और फाइनल के साथ समाप्त होगा, जिसमें पदक जीतने वाली तीन टीमों का फैसला होगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026, एशिया में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत का जश्न मनाने का एक शानदार मौका होगा। उन्होंने आगे कहा, मुझे खुशी है कि भोपाल छह मजबूत टीमों की मेजबानी करेगा। मुझे उम्मीद है कि हमारी भारतीय टीम एशियाई खेलों में मिली हालिया सफलता को आगे बढ़ाएगी और अपने खिताब का बचाव करेगी।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि इस टूर्नामेंट में एशिया की मजबूत महिला हॉकी टीमें एक साथ नजर आएंगी। एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों के लिए अपनी लय और आत्मविश्वास को बरकरार रखने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। उन्होंने आयोजन के लिए मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि हॉकी इंडिया भोपाल में सभी भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों और हॉकी प्रशंसकों का स्वागत करने के लिए उत्साहित है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags