महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए मनसे का दीपोत्सव रद्द

युगवार्ता    04-Nov-2026
Total Views |
राज ठाकरे, मनसे अध्यक्ष


मुंबई, 04 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में भीषण सूखे और ग्रामीण क्षेत्रों में गहराते जल संकट को देखते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने इस वर्ष शिवाजी पार्क में आयोजित होने वाले दीपोत्सव को रद्द करने का निर्णय लिया है। उन्होंने राज्य की मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से दीपावली का त्योहार सादगी से मनाने और आतिशबाजी एवं भव्य रोशनी से परहेज करने की अपील की है।

राज ठाकरे ने कहा कि हर वर्ष शिवाजी पार्क में दीपोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। मैदान को आकर्षक रोशनी से सजाया जाता है और आतिशबाजी का भव्य आयोजन होता है। इस उत्सव को देखने के लिए मुंबई, ठाणे सहित महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस वर्ष राज्य में व्याप्त भीषण सूखे की स्थिति को देखते हुए दीपोत्सव आयोजित करना उन्हें उचित नहीं लगा।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र इस समय बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है और सूखे का संकट लगातार गहराता जा रहा है। ऐसे में जब ग्रामीण इलाकों के लोग, विशेषकर महिलाएं और बच्चे, पानी की कमी तथा आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, तब शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर उत्सव मनाना उचित नहीं है।

मनसे नेता राज ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भी वर्ष 1972 से अधिक गंभीर सूखे की आशंका जताई गई है। इसके बावजूद कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा उत्सव मनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नागरिकों को राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अपने भाई-बहनों की परेशानियों को समझना चाहिए और संवेदनशीलता का परिचय देना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि सूखे के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों का शहरों की ओर पलायन होने की आशंका है। ऐसी परिस्थिति में दीपावली के उत्साह पर कुछ संयम रखना आवश्यक है। यह काली दीपावली मनाने की अपील नहीं है, बल्कि मौजूदा संकट को देखते हुए उत्सव की भव्यता और आतिशबाजी पर नियंत्रण रखने का आग्रह है।

राज ठाकरे ने नागरिकों से अपील की कि वे दीपावली पर घरों में दीप और कंदील जलाएं, मिठाइयां एवं फराल बांटें तथा पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाएं। हालांकि, अत्यधिक रोशनी और पटाखे फोड़ने से बचें।उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष तक महाराष्ट्र की परिस्थितियां बेहतर होंगी और राज्य में फिर से खुशहाली लौटेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि महाराष्ट्र पर आया संकट जल्द दूर हो और सभी नागरिकों के जीवन में सुख-समृद्धि आए।अंत में राज ठाकरे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, अपने परिवार और अपनी ओर से राज्य के सभी नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Tags