
नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार आज लगातार पांचवें कारोबारी दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। बाजार में आज चौतरफा मजबूती का माहौल बना रहा, जिसके चलते दिग्गज शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जम कर खरीदारी हुई। इस चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मुख्य सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर (डे-हाई) के बेहद करीब बंद होने में सफल रहे। बाजार की इस तेजी के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की जबरदस्त बढ़ोतरी हो गई।
आज के कारोबार के दौरान शुरुआत में मामूली सुस्ती देखने को मिली, लेकिन जैसे ही वैश्विक बाजारों से सकारात्मक रुख आया, वैसे ही खरीदार पूरी तरह हावी हो गए। हालांकि सुबह दस बजे के बाद मुनाफावसूली के चक्कर में बिकवाली का दबाव भी बना, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद एक बार फिर लिवाली शुरू हो गई। पूरे दिन के काराबोर के बाद सेंसेक्स 0.50 प्रतिशत और निफ्टी 0.63 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 64.74 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,853.11 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण यह सूचकांक 478.19 अंक यानी 0.62 प्रतिशत उछल कर 77,396.04 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफावसूली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 791.19 अंक फिसल कर 313 अंक की गिरावट के साथ 76,604.85 अंक के निचले स्तर तक भी आया।
इसके बाद बाजार में मेटल, रियल्टी और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई। खासकर, दिन के अंतिम सत्र में खरीदारों ने लिवाली काफी तेज कर दी, जिससे सेंसेक्स निचले स्तर से 696.55 अंक की रिकवरी दिखाते हुए 383.55 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,301.40 अंक के स्तर पर पहुंच कर लगातार पांचवे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ।
सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 68.60 अंक यानी 0.29 प्रतिशत टूट कर 23,742.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही एफएमसीजी, फाइनेंस और ऑटो जैसी दिग्गज कंपनियों में शुरू हुई जोरदार लिवाली के चलते इस सूचकांक की चाल ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी शुरुआती कारोबार में ही 23,946.35 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने पर यह सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर 114.70 अंक की कमजोरी के साथ 23,696.15 अंक के स्तर तक आ गया।
इसके बाद खरीदार पूरी तरह एक्टिव होकर लिवाली करने में जुट गए। चौतरफा लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी तेजी से आगे बढ़ा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी निचले स्तर से 264.45 अंक उछल कर दो सितंबर के बाद पहली बार क्लोजिंग बेसिस पर 23,900 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुए 149.75 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,960.60 अंक के डे-हाई पर ही बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक नजर आई, जहां दोनों इंडेक्स करीब 3-3 प्रतिशत की बड़ी बढ़त के साथ बंद हुए। इसके अलावा एफएमसीजी इंडेक्स में डेढ़ प्रतिशत और ऑटो इंडेक्स में भी 1 प्रतिशत से अधिक की मजबूती दर्ज की गई। दूसरी ओर, आईटी सेक्टर के शेयरों में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके चलते निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.50 प्रतिशत टूट कर बंद हुआ।
ब्रॉडर मार्केट और सेक्टोरल फ्रंट पर आज ज्यादातर इंडेक्स दबाव से पूरी तरह उबर कर बढ़त बनाने में कामयाब रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में आज लगातार मजबूती बनी रही। निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स आज के कारोबार के अंत में 1.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारों का जबरदस्त असर दिखा, जिसकी वजह से निफ्टी के स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने 2 प्रतिशत से अधिक की शानदार तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
बाजार के दोनों मुख्य सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में आई तेजी और ब्रॉडर मार्केट में हुई चौतरफा खरीदारी के कारण आज निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.83 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 4,93,49,306.59 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को यह 4,87,65,636.39 करोड़ रुपये था। इस तरह बाजार की इस तेज छलांग की बदौलत निवेशकों की पूंजी में आज 5,83,670.2 करोड़ रुपये का इजाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई के एडवांस-डिक्लाइन आंकड़ों पर नजर डालें तो बाजार में बढ़त का रुख पूरी तरह हावी था, जहां 4,597 शेयरों की ट्रेडिंग में से 3,074 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे, जबकि 1,313 शेयरों को नुकसान झेलना पड़ा और वे लाल निशान में बंद हुए। 210 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। इसके अलावा 106 शेयर एक साल के उच्च स्तर पर पहुंचे, तो 104 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। इसके साथ ही 12 शेयरों में अपर सर्किट लगा, जबकि 38 शेयर लोअर सर्किट पर बंद हुए।
एनएसई के एडवांस-डिक्लाइन रेशियो की बात करें तो वहां भी माहौल पूरी तरह खरीदारों के पक्ष में था। एनएसई में आज 3,294 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई, जिनमें 2,518 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में और 776 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त के साथ और 9 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (बीईएल) के शेयर 4.71 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ 398 रुपये के भाव पर बंद होकर टॉप गेनर रहे। इसके बाद अदाणी एंटरप्राइजेस 4.47 प्रतिशत की छलांग लगाकर 2,709.20 रुपये, टाइटन कंपनी 4.22 प्रतिशत उछल कर 4,754.40 रुपये, जियो फाइनेंशियल 3.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 222.27 रुपये और मैक्स हेल्थकेयर 3.53 प्रतिशत की उछाल के साथ 927.15 रुपये के स्तर पर आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में बंद हुए।
दूसरी ओर, बाजार की इस भारी तेजी के बावजूद आईटी सेक्टर में आई बिकवाली के दबाव में फंसी टीसीएस 2.52 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 2,436.00 रुपये पर बंद होकर टॉप लूजर रही। इसके अलावा , एचसीएल टेक 2.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,405 रुपये, कोल इंडिया 2.05 प्रतिशत टूट कर 399.65 रुपये, बीएसई लिमिटेड 1.75 प्रतिशत की मंदी के साथ 3,601.50 रुपये और इन्फोसिस 1.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,128.20 रुपये के भाव पर आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक