किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा और छात्र : सुनील बंसल

युगवार्ता    04-Nov-2026
Total Views |
संस्कृति संसद में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल


संस्कृति संसद में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल


—संस्कृति संसद के दूसरे दिन के सत्र में शामिल हुए विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार

वाराणसी, 04 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा और छात्र होते हैं। युवाओं की सोच और दिशा ही देश का भविष्य तय करती है। आज की युवा पीढ़ी में देशभक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव है, लेकिन उसे सही दिशा और संस्कार देने की आवश्यकता है। बदलते पारिवारिक परिवेश में बच्चों को संस्कार देने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

सुनील बंसल बुधवार को संस्कृति संसद को संबोधित कर रहे थे। अखिल भारतीय संत समिति और गंगा महासभा के बैनर तले सिगरा स्थित रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित संस्कृति संसद के दूसरे दिन के सत्र में सुनील बंसल ने ‘युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सनातन संस्कृति और संस्कारों से जोड़कर विकसित भारत के संकल्प में भागीदार बनाना जरूरी है। इस अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि युवाओं को संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ना आवश्यक है। इसके लिए संगीत, कला और साहित्य के माध्यम से उन्हें भारत की प्राचीन शिक्षा परंपरा से अवगत कराना होगा। इस समय युवाओं से संवाद कम हुआ है, जिसे बढ़ाना आवश्यक है। युवाओं से सही संवाद स्थापित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाया जा सकता है।

संस्कृति के सूत्र विषयक सत्र

संस्कृति के सूत्र विषयक सत्र में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि भारत को भारत माता कहने और उसकी सांस्कृतिक पहचान पर सवाल उठाने वाली सोच समाज को बांटने का काम करती है। भारत की एकता केवल राजनीतिक सीमाओं से नहीं, बल्कि नदियों, तीर्थस्थलों, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से बनी है। राष्ट्रहित सर्वोपरि विषयक सत्र में रॉ के पूर्व निदेशक एनके सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान को करारा जवाब दे रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश की रक्षा कर रहे हैं। जब भी कहीं दंगाइयों को दंडित करने की बात आती है तो हर जगह योगी आदित्यनाथ को याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि हमारा देश खतरे में है। देश के दुश्मन देश की हालत खराब करने में लगे हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी देश तोड़ने की बात करते हैं। हम देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर हैं। आज देश की सुरक्षा के लिए सुरक्षा चक्र बनाने की आवश्यकता है।

सुरक्षित राष्ट्र विषयक सत्र में गोवा के संत पद्मश्री सद्गुरु ब्रह्मेशानंदाचार्य स्वामी ने कहा कि भारत ऋषियों, संतों, गुरुओं और माता-पिता की भूमि है। जब ये संस्थाएं मजबूत और पवित्र बनी रहेंगी, तभी भारत सुरक्षित रहेगा। इसी क्रम में गुजरात वीरमगाम के विधायक हार्दिक पटेल ने कहा कि विदेशी ताकतें भारतीय युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। युवाओं को धर्म, राष्ट्र और अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों पर भ्रमित किया जा रहा है। आंदोलन के नाम पर नौजवानों को गलत रास्ते पर ले जाया जा रहा है। इसी सत्र में पश्चिम बंगाल बरासात की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान उसकी तीर्थ परंपराओं और साझा विरासत से बनी है। हमें मिले संस्कारों का पालन करना चाहिए। भारत की सांस्कृतिक एकता दक्षिण से उत्तर और पूर्व से पश्चिम तक फैली हुई है। देश को चुनौतियों के बीच मजबूती से आगे बढ़ना चाहिए।

सम्मेलन में श्रीलिंगायत वीरशैय संप्रदाय से श्रीमद् काशी ज्ञानसिंहास पीठाधीश्वर श्रीश्री 1008 जगद्गुरु डॉ. चंद्रशेखर शिवाचार्य महास्वामी, महर्षि वैदिक शिक्षा संस्थान के ब्रह्मचारी गिरीश, इतिहास विषयक सत्र में लेखक और वैज्ञानिक डॉ. मधुसूदन उपाध्याय, स्वामी प्रबोधानंद महाराज ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Tags