आईपीएल 2027 से पहले सीएसके और एसआरएच के बीच बड़ा ट्रेड, चार खिलाड़ियों की अदला-बदली

युगवार्ता    05-Nov-2026
Total Views |
फोटो


नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 सीजन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच चार खिलाड़ियों को लेकर ट्रेड डील हुई है। इस ट्रेड के तहत इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ गए हैं, जबकि भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलियाई पेसर नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल हो गए हैं।

आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार लियाम लिविंगस्टोन 6 करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े हैं। उन्हें पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स अपनी मौजूदा 3 करोड़ रुपये की फीस पर सीएसके का हिस्सा बने हैं। एडवर्ड्स को सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण से पहले अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, पैर में चोट के कारण वह आईपीएल 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे।

इस ट्रेड के तहत सनराइजर्स हैदराबाद ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को उनकी मौजूदा 4.8 करोड़ रुपये की फीस पर अपनी टीम में शामिल किया है। खलील इससे पहले 2018 से 2021 तक सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रह चुके हैं। वह आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 15 विकेट लेने में सफल रहे थे। हालांकि, आईपीएल 2026 में पांच मुकाबले खेलने के बाद चोट के कारण उन्हें पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा था।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी 2 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ गए हैं। एलिस अपनी विविधतापूर्ण गेंदबाजी और डेथ ओवरों में प्रभावी प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। उनके आने से हैदराबाद की तेज गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। इन चार खिलाड़ियों के ट्रेड के साथ दोनों फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2027 से पहले अपनी टीमों को नए सिरे से संतुलित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags