हार्दिक सिंह ने पूरे किए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने दी बधाई

युगवार्ता    05-Nov-2026
Total Views |
हार्दिक सिंह ने पूरे किए 200 अंतरराष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने दी बधाई


-मोहाली में जापान के खिलाफ एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हासिल की उपलब्धि; इसी मैदान से शुरू हुआ था हॉकी का सफर

मोहाली, 05 नवंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार मिडफील्डर हार्दिक सिंह ने सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में 200 मैच खेलने की उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने यह मुकाम हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के फाइनल में जापान के खिलाफ मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हासिल किया। हॉकी इंडिया ने इस उपलब्धि पर हार्दिक को बधाई दी है।

इस खास मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हार्दिक को 200 नंबर वाली विशेष जर्सी भेंट की। 28 वर्षीय मिडफील्डर के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी यादगार रही, क्योंकि इसी मैदान पर उन्होंने हॉकी का शुरुआती प्रशिक्षण लिया था। वर्ष 2013 में हॉकी इंडिया लीग के दौरान वह इसी स्टेडियम में बॉल-बॉय की भूमिका भी निभा चुके हैं।

हार्दिक ने 2018 में सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था। इसके बाद से वह भारतीय टीम के मिडफील्ड की अहम कड़ी बने हुए हैं। वह टोक्यो ओलंपिक 2020 और पेरिस ओलंपिक 2024 में लगातार दो कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे। इसके अलावा उन्होंने 2023 हांगझोऊ एशियाई खेलों और 2026 एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में योगदान दिया। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भी उन्होंने रजत पदक जीता।

हार्दिक के खाते में 2018 और 2023 की एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के स्वर्ण, 2021 संस्करण का कांस्य और 2025 एशिया कप का स्वर्ण पदक भी शामिल है। भारतीय हॉकी में उनके योगदान के लिए उन्हें 2021 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2023 में उन्हें एफआईएच का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ दिलीप टिर्की ने हार्दिक को बधाई देते हुए कहा कि 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करना भारतीय हॉकी के लिए गर्व का अवसर है। यह उनकी मेहनत, निरंतरता और टीम के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने हार्दिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी इस उपलब्धि को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि हार्दिक ने वर्षों से भारतीय मिडफील्ड में अपनी अहम जगह बनाई है। ओलंपिक, एशियाई खेलों और अन्य बड़े टूर्नामेंटों में भारत की सफलता में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जिस मोहाली में हार्दिक ने हॉकी का सफर शुरू किया था, वहीं 200 मैच पूरे करना इस उपलब्धि को और खास बनाता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags