पुलिस प्रमुख पद से हटाए जाने पर दानबहादुर कार्की ने सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती

युगवार्ता    05-Nov-2026
Total Views |
नेपाल सरकार द्वारा हटाए गए पुलिस प्रमुख दान बहादुर कार्की


- प्रधानमंत्री के सुरक्षा सलाहकार का पद स्वीकार करने से इनकार

काठमांडू, 05 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के पूर्व पुलिस प्रमुख महानिरीक्षक (आईजीपी) दानबहादुर कार्की ने पद से हटाए जाने के खिलाफ गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का सुरक्षा सलाहकार का पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।

सरकार ने बुधवार को कार्की को आईजीपी पद से हटाकर डॉ. मनोज कुमार केसी को नया पुलिस प्रमुख नियुक्त कर दिया था। इस फैसले के खिलाफ कार्की ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की। अदालत प्रशासन के अनुसार याचिका को पंजीकृत करने की प्रक्रिया जारी है।

सरकार ने कार्की का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्हें आईजीपी पद से हटाकर प्रधानमंत्री का सुरक्षा सलाहकार नियुक्त करने का फैसला लिया था। इसके बाद कार्की ने सरकार के फैसले को रद्द करने और उन्हें दोबारा पुलिस महानिरीक्षक के पद पर बहाल करने की मांग करते हुए कानूनी लड़ाई शुरू की है। कार्की का कार्यकाल अभी 17 महीने शेष था।

इधर, नवनियुक्त नए पुलिस महानिरीक्षक डॉ. मनोज कुमार केसी ने बुधवार रात ही पुलिस प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल ली। सरकार के नियुक्ति संबंधी फैसले के तुरंत बाद पुलिस मुख्यालय में उन्हें पदभार ग्रहण कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags