
असुनसियोन, 05 नवंबर (हि.स.)। पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना ने गुरुवार को बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया। डिजिटल ऋणदाता बैंक यूएनो के पतन के बाद पैदा हुए वित्तीय संकट ने उनकी सरकार को मुश्किल में डाल दिया था। बैंक के करीब 30 लाख ग्राहक अपने खातों तक पहुंच नहीं पा रहे हैं। विपक्ष ने राष्ट्रपति को पद से हटाने के लिए महाभियोग की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी भी कर ली थी।
पेना ने गुरुवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि उन्होंने देश की स्थिरता, सामाजिक शांति और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा को ध्यान में रखते हुए पद छोड़ने का फैसला किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सहयोगी माने जाने वाले पेना के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति पेड्रो एलियाना उनके स्थान पर पदभार संभालेंगे।
राष्ट्रपति के खिलाफ राजनीतिक दबाव उस समय और बढ़ गया, जब विपक्ष ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर महाभियोग प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू करने की पहल की। राजधानी सहित कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने भी उनके इस्तीफे की मांग की। गुरुवार को पेना को अपनी ही रूढ़िवादी पार्टी के कुछ सदस्यों का समर्थन भी खोना पड़ा।
अपने विदाई संदेश में पेना ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि जमा की गई धनराशि की वापसी सुनिश्चित हो, जमा गारंटी कोष अपनी जिम्मेदारी निभाए और सार्वजनिक धन के साथ-साथ पराग्वे के नागरिकों के संसाधनों की सुरक्षा हो।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय