होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन और टैंकर क्षतिग्रस्त, ईरान ने बढ़ाया दबाव

युगवार्ता    05-Nov-2026
Total Views |

दुबई, 05 नवंबर (हि.स.)। खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ईरान ने गुरुवार को दावा किया कि तीन और तेल टैंकर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे क्षेत्र में समुद्री परिवहन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईरान ने संकेत दिया है कि जब तक युद्ध का समाधान नहीं निकलता, इस अहम समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर खतरा बना रहेगा।

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने गुरुवार को कहा कि दो टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आए, जबकि एक अन्य में आग लग गई। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका के सामने किसी भी तरह के झुकाव से इनकार करते हुए कहा कि सत्ता में कोई भी दल आए, अमेरिका का ईरान के प्रति रवैया शत्रुतापूर्ण ही रहेगा।

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगने और कांग्रेस पर उसका नियंत्रण खत्म होने के बाद युद्ध की राजनीतिक कीमत को लेकर वाशिंगटन में बहस तेज हो गई है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुधवार को सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखकर पार्टी की हार के लिए युद्ध को जिम्मेदार ठहराया था।

इस पर ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर कलीबाफ ने गुरुवार को तंज कसते हुए वेंस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वेंस ने ट्रंप को युद्ध में और हमले करने से रोकने के बजाय उन्हें एक हताश जुआरी की तरह दांव बढ़ाने दिया। कलीबाफ ने कहा कि यदि वेंस युद्ध को गलती मानते हैं तो उन्हें ट्रंप से इसे खत्म करने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा, “लंबा भाषण देने के बजाय यह बात अपने बॉस से क्यों नहीं कहते?”

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags