दीपावली पर घर लौटने लगे चेन्नईवासी, तीन दिनों में 15,659 बसें चलाने की तैयारी

युगवार्ता    06-Nov-2026
Total Views |
File shot


चेन्नई, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार को लेकर चेन्नई में रहने वाले लोग अपने पैतृक गांवों और शहरों की ओर रवाना होने लगे हैं। इसके चलते शहर के विभिन्न इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ गया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम ने विशेष बसों के संचालन की व्यवस्था की है। परिवहन निगम के अनुसार, पांच नवंबर को एक ही दिन में 329 बसों के माध्यम से करीब 1.40 लाख यात्रियों ने सफर किया।

आमतौर पर सप्ताहांत, त्योहारों और लगातार छुट्टियों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम विशेष बसें चलाता है। इसी क्रम में वर्ष 2026 के दीपावली पर्व पर चेन्नई से अपने पैतृक स्थानों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

परिवहन निगम ने पांच से सात नवंबर तक चेन्नई से कुल 15,659 बसें चलाने की योजना बनाई है। इनमें 6,573 नियमित और 9,086 विशेष बसें शामिल हैं। विशेष बसों में 7,427 सरकारी तथा 1,659 निजी अनुबंधित बसें हैं।

योजना के अनुसार, पांच नवंबर को 5,061 बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया था। वहीं, छह नवंबर को 2,191 नियमित और 3,240 विशेष बसों सहित कुल 5,431 बसों का संचालन किया जा रहा है। सात नवंबर को 2,191 नियमित और 2,976 विशेष बसों सहित कुल 5,167 बसें चलाई जाएंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए चेन्नई में पांच स्थानों से विशेष बसें चलाई जा रही हैं। इनमें किलांबक्कम स्थित कलैग्नर शताब्दी बस टर्मिनल, कोयम्बेडु स्थित पुरच्चि थलैवर डॉ. एमजीआर बस टर्मिनस, माधवरम नया बस स्टैंड, किलांबक्कम में सीएमडीए क्लाइमेट पार्क के पास स्थित अस्थायी बस स्टैंड और मरैमलै नगर का अस्थायी बस स्टैंड शामिल हैं।

पुडुचेरी, कुड्डालोर, चिदंबरम, तिरुचि, मदुरै, तूतीकोरिन, तिरुनेलवेली, सलेम और कोयंबटूर सहित अन्य स्थानों के लिए बसें किलांबक्कम से संचालित की जा रही हैं। कुंभकोणम, तंजावुर और नागपट्टिनम जाने वाली बसें मरैमलै नगर से, जबकि वंदवासी, पोलूर और तिरुवन्नामलाई जाने वाली बसें सीएमडीए के अस्थायी बस स्टैंड से चलाई जा रही हैं।

इस बीच, दीपावली मनाने के बाद अपने पैतृक स्थानों से चेन्नई लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भी सरकार ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत नौ और 10 नवंबर को कुल 11,197 बसें चलाने की योजना बनाई गई है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags