सीबीआई ने विशाखापत्तनम में प्लांट क्वारंटीन स्टेशन के सहायक निदेशक को एक लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा

युगवार्ता    07-Nov-2026
Total Views |
सीबीआई


नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित प्लांट क्वारंटीन स्टेशन (पीक्यूएस) के सहायक निदेशक टीएम सुधाकर और एक व्यक्ति को एक लाख रुपये रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कंटेनरों की मंजूरी देने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।

सीबीआई ने बताया कि एजेंसी ने शुक्रवार को प्लांट क्वारंटीन स्टेशन के दो अधिकारियों, तीन अन्य व्यक्तियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। विशाखापत्तनम स्थित पीक्यूएस के सहायक निदेशक एवं प्रभारी टीएम सुधाकर ने एक निजी फर्म के कंटेनरों को मंजूरी देने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने शुक्रवार को जाल बिछाया और सहायक निदेशक को एक निजी व्यक्ति से एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। एजेंसी ने रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली। मामले में सहायक निदेशक के साथ निजी व्यक्ति सुंकावल्ली सत्यनारायण को भी गिरफ्तार किया गया है।

सीबीआई ने आरोपितों से जुड़े विशाखापत्तनम, फरीदाबाद और कर्नाटक के कोलार जिले के थिमनापल्ली गांव स्थित परिसरों पर तलाशी अभियान भी चलाया। इस दौरान मामले से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए गए।

गिरफ्तार दोनों आरोपितों को शनिवार को विशाखापत्तनम की सक्षम अदालत में पेश किया गया। सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रिश्वतखोरी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags