रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बागडोगरा एयर फोर्स स्टेशन पर सैनिकों के साथ मनाई दिवाली

युगवार्ता    07-Nov-2026
Total Views |
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को बागडोगरा वायुसेना स्टेशन पर जवानों के साथ दिवाली मनाई


अनुशासन ही सामान्य सैनिक को असाधारण योद्धा बनाता है : राजनाथ सिंह

सिलीगुड़ी, 07 नवंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को दीपावली के अवसर पर बागडोगरा वायुसेना स्टेशन पहुंचकर भारतीय वायुसेना के जवानों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जवानों का मुंह मीठा कराया और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों की मदद से लेकर देश की सुरक्षा तक, हर मोर्चे पर भारतीय वायुसेना का योगदान सराहनीय और देश के लिए गर्व का विषय है।

जवानों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना के वीर जवानों का साहस और समर्पण न केवल देश में, बल्कि पूरी दुनिया में पहचाना जाता है। विपरीत परिस्थितियों में देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना हो या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की जिम्मेदारी निभानी हो, वायुसेना के जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। उनका समर्पण देश की सबसे बड़ी ताकत है।

सशस्त्र बलों में अनुशासन के महत्व पर जोर देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि तकनीक कितनी भी उन्नत क्यों न हो, सैनिकों में साहस और अनुशासन के बिना उसका कोई महत्व नहीं रह जाता। अनुशासन ही एक सामान्य सैनिक को असाधारण योद्धा बनाता है। उन्होंने कहा कि सैन्य क्षमता को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ-साथ सैनिकों में साहस, समर्पण और अनुशासन भी जरूरी है।

रक्षा मंत्री ने ड्रोन और साइबर सुरक्षा जैसी आधुनिक तकनीकों में सशस्त्र बलों को और अधिक दक्ष बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जवानों को ड्रोन संचालन, साइबर सुरक्षा और युद्ध की बदलती रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भविष्य की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सशस्त्र बलों को आधुनिक तकनीक से लैस करना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जवानों के सहयोग और समर्पण से भारत इस दिशा में लगातार मजबूती से आगे बढ़ेगा।

देश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की पहल से देश के स्टार्टअप और औद्योगिक संस्थान ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम तथा सैनिकों के लिए आधुनिक उपकरण तैयार कर रहे हैं। उन्होंने स्वदेशी तकनीक से निर्मित रक्षा उपकरणों के विकास और उनके इस्तेमाल में भारतीय सशस्त्र बलों की भूमिका पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देना देश की सामरिक क्षमता और आत्मनिर्भरता के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

इस दौरान रक्षा मंत्री ने जवानों को स्थानीय लोगों के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि सैनिकों के व्यवहार, वर्दी, बातचीत और संयम से स्थानीय लोगों के बीच सशस्त्र बलों की छवि बनती है। इसलिए जिस क्षेत्र में जवानों की तैनाती हो, वहां के लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि स्थानीय लोगों और सेना के बीच संबंध जितने मजबूत होंगे, दुश्मन की विभाजनकारी साजिशें उतनी ही कमजोर पड़ेंगी। बागडोगरा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में सेना के प्रति काफी सम्मान और प्रेम है। जवानों को अपने व्यवहार और कार्यों से इस विश्वास को लगातार बनाए रखना चाहिए।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Tags