सप्ताह का महाधमाका- निफ्टी 25,000 और सेंसेक्स 81,000 के पार, विदेशी निवेशकों की तूफानी वापसी

युगवार्ता    07-Nov-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


- साप्ताहिक शेयर समीक्षा -

नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार के लिए बीता कारोबारी हफ्ता काफी शानदार रहा। इस पूरे सप्ताह सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मुख्य सूचकांक लगातार मजबूती के साथ कारोबार करते रहे। अमेरिक में हुए मिडटर्म पोल में डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी की हार और विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट की धमाकेदार जीत के बाद ग्लोबल मार्केट से आए पॉजिटिव संकेतों और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की आक्रामक वापसी ने दलाल स्ट्रीट पर जबरदस्त उत्साह भर दिया।

इस तूफानी तेजी के चलते 6 नवंबर को समाप्त हुए कारोबारी सप्ताह के दौरान 27 फरवरी के बाद पहली बार निफ्टी ने 25,000 अंक और सेंसेक्स ने 81,000 के स्तर को पार किया। पूरे हफ्ते के शानदार कारोबार के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 6,598.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त के साथ 81,028.02 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी साप्ताहिक आधार पर 1,977.25 अंक यानी 8.58 प्रतिशत की जोरदार छलांग लगाकर 25,030.35 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा।

2 नवंबर से 6 नवंबर के इस कारोबारी सप्ताह के दौरान शेयर बाजार ने तो लगातार तेजी का रुख बना रहा, लेकिन इसी सप्ताह बाजार में शॉर्ट टर्म वोलैटिलिटी मापने वाला इंडिकेटर इंडिया वोलेटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) 13.71 प्रतिशत के बड़े उछाल के साथ 17.72 के स्तर पर पहुंच गया। इंडिया वीआईएक्स में आई उछाल आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने का संकेत दे रही है।

इस सप्ताह दिग्गज शेयरों की जोरदार तेजी के बावजूद ब्रॉडर मार्केट पर अंतिम कारोबारी सत्र में बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके चलते मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। पूरे सप्ताह के कारोबार में ऑटोमोबाइल और प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर के शेयरों ने बाजार को ऊपर उठाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। इनमें महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक जैसी दिग्गज कंपनियां साप्ताहिक गेनर्स की सूची में सबसे आगे रहीं, जबकि मुनाफावसूली के दबाव में फंसी पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन जैसी कंपनियां लाल निशान में बंद हुईं।

इस कारोबारी सप्ताह के दौरान भारतीय बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से की गई बंपर लिवाली ने बाजार के सेंटीमेंट को पूरी तरह से बदल दिया। अमेरिकी टेक कंपनियों के महंगे वैल्यूएशन और वहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) निवेश के रिटर्न पर उठ रहे सवालों के कारण निवेशक अब वापस भारतीय बाजारों में लौटने लगे हैं, जिससे घरेलू शेयर बाजार को निचले स्तर से सपोर्ट मिला है।

इसके साथ ही पिछले सप्ताह मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) द्वारा सरकार को विदेशी निवेशकों के लिए लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस टैक्स पर बड़ी छूट देने का प्रस्ताव भेजने की खबर ने भी इस सप्ताह बाजार में तेजी की आग में घी का काम किया। इस खबर की वजह से मार्केट लिक्विडिटी को तगड़ा बूस्ट मिला। हालांकि बाजार में चौतरफा लिवाली के बीच स्मॉलकैप शेयरों में अंतिम सत्र में हुई मुनाफावसूली यह भी दिखाती है कि ब्रॉडर मार्केट में निवेशक अभी भी ऊंचे स्तर पर सतर्क बने हुए हैं, जिसके चलते अगले सप्ताह के कारोबार में सेक्टोरल रोटेशन की जबरदस्त संभावना बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags