तीसरा अनौपचारिक टेस्ट: इंडिया ए ने पहली पारी 464 रन बनाकर घोषित की, न्यूजीलैंड ए के ३६ रन पर गिरे दो विकेट

युगवार्ता    08-Nov-2026
Total Views |
ध्रुव जुरेल


लिंकन (न्यूजीलैंड), 08 नवंबर (हि.स.)। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के शतक और साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा व वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की बदौलत इंडिया ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी ५ विकेट पर 464 रन बनाकर घोषित की। जवाब में न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी में दो विकेट पर 36 रन बना लिए थे। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 और जैक गिब्सन एक रन बनाकर नाबाद लौटे।

दूसरे दिन इंडिया ए ने २२७ रन से आगे खेलना शुरु किया। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए रन बटोरे। साई सुदर्शन 88 रन बनाकर आउट हुए। सुदर्शन ने अपनी पारी में 255 गेंदों का सामना किया। दूसरी ओर, जुरेल ने चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह ७१ रन बनाकर आउट हो गए।

लंच तक तिलक वर्मा और रवींद्र जडेजा ने इंडिया ए का स्कोर चार विकेट पर 331 रन तक पहुंचा दिया। लंच के बाद जडेजा आउट होकर पवेलियन लौट गए। जडेजा ने २५ रन बनाए। इसके बाद तिलक वर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने मोर्चा संभाला और शानदार साझेदारी कर टीम का स्कोर 400 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान तिलक ने अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों की उपयोगी पारियों की मदद से इंडिया ए ने तीसरे सत्र में पांच विकेट पर 464 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। तिलक ने नाबाद ८१ रन और वाशिंगटन ने नाबाद ५० रन बनाएं। पहले दिन यशस्वी ने शतक लगाते हुए १०२ रन बनाए थे।

जवाब में न्यूजीलैंड ए की पहली पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रसिद्ध कृष्णा ने भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाते हुए राइस मारियू को बिना खाता खोले बोल्ड कर दिया। इसके बाद उन्होंने कर्टिस हीफी को 19 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट कर न्यूजीलैंड ए को दूसरा झटका दिया।

दिन का खेल समाप्त होने तक डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 और जैक गिब्सन एक रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे। न्यूजीलैंड ए की टीम पहली पारी में दो विकेट पर 36 रन बना लिए हैं और अभी भी इंडिया ए के स्कोर से काफी पीछे है।

भारत इस अनौपचारिक सीरीज के जरिए न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रही है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags