
कोलकाता, 09 नवंबर (हि.स.)। भारतीय तटरक्षक बल के हल्दिया बेस पर दो नए एयर कुशन वाहन शामिल किए गए हैं, जिससे संवेदनशील सुंदरवन और तटीय क्षेत्रों में बल की निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमताओं को काफी मजबूती मिलेगी। ये नए पोत उन पुरानी इकाइयों की जगह लेंगे जो दो दशकों से अधिक समय से इस क्षेत्र की सुरक्षा कर रही थीं।
तटरक्षक बल के अनुसार, एच 561 और एच 562 नामक ये दोनों एयर कुशन वाहन सात नवंबर को हल्दिया पहुंचे और जल्द ही इन्हें आधिकारिक तौर पर सेवा में शामिल किया जाएगा। केंद्र सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत गोवा स्थित चौगुले एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित ये पोत तेज गति और उन्नत निगरानी क्षमताओं से लैस हैं।
इन्हें सुंदरवन के जटिल नदी नेटवर्क, विशाल दलदली मैदानी इलाकों और संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में समुद्री निगरानी, तटीय गश्त और त्वरित प्रतिक्रिया अभियानों के लिए विशेष तौर पर तैनात किया जाएगा। इन नए वाहनों का शामिल होना एच 182 और एच 186 पोतों की शानदार सेवा के बाद का नया चरण है। उन पुराने पोतों ने 20 से अधिक वर्षों तक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सुंदरवन क्षेत्र की सुरक्षा में अपना अहम योगदान दिया है।
नए एयर कुशन वाहनों से दुर्गम तटीय और नदी क्षेत्रों में तटरक्षक बल की कार्यक्षमता में काफी सुधार होने और पूर्वी समुद्र तट पर भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा मजबूत होने की उम्मीद है। यह तैनाती तटीय सुरक्षा बनाए रखने और देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करने में तटरक्षक बल की भूमिका को भी सुदृढ़ करती है।
दूसरी ओर, समुद्री अनुसंधान के मोर्चे पर बीते सितंबर महीने में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं समुद्री अनुसंधान केंद्र के लिए बनाए जा रहे एक स्वदेशी महासागर अनुसंधान पोत सागर मंथन का जलावतरण किया था। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के लिए बनाए जा रहे 89.5 मीटर लंबे इस पोत का उपयोग तटीय और गहरे पानी में अधिकतम छह किलोमीटर की गहराई तक भूभौतिकीय और भूकंपीय सर्वेक्षण, मल्टीबीम सर्वेक्षण और विभिन्न वैज्ञानिक अभियानों के लिए किया जा सकेगा।
जीआरएसई के ऋषि बंकिम शिपयार्ड में आयोजित सागर मंथन के जलावतरण समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में एक वीडियो संदेश भेजा था, जबकि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीनिवास कुमार तुम्मला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर