छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में लावा गांव के 21 आदिवासी परिवारों को पहली बार मिली सामुदायिक टेलीविजन की सुविधा

युगवार्ता    09-Nov-2026
Total Views |
दंतेवाड़ा में लावा गांव के 21 आदिवासी परिवारों को पहली बार मिली सामुदायिक टेलीविजन की सुविधा


दंतेवाड़ा, 09 नवंबर (हि.स.)। दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला की ऊंची पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच बसे इस छोटे से आदिवासी गांव लावा में पहली बार टेलीविजन की आवाज गूंजी है। दशकों तक नक्सलवाद के प्रभाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आधुनिक सुविधाओं से दूर रहे इस गांव के 21 आदिवासी परिवारों के लिए यह एक नया अनुभव है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर के दूरस्थ गांवों तक विकास और आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों के अंतर्गत दंतेवाड़ा जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) ने कुआकोंडा विकासखंड के लावा गांव में सौर ऊर्जा से संचालित सामुदायिक टेलीविजन स्थापित किया है। दूरस्थ आदिवासी समुदाय को शिक्षा, सूचना, आधुनिक तकनीक और देश-दुनिया की गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लावा गांव में सामुदायिक सोलर टीवी की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर के दूरस्थ और दुर्गम गांवों तक विकास, शिक्षा और आधुनिक तकनीक की सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लावा गांव में सामुदायिक टेलीविजन की स्थापना बदलते बस्तर की एक महत्वपूर्ण तस्वीर प्रस्तुत करती है। नक्सलवाद के प्रभाव से लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे गांवों में अब नई संभावनाएं आकार ले रही हैं।

उन्होंने कहा कि जब दूरस्थ अंचलों के बच्चे और ग्रामीण आधुनिक सूचना माध्यमों से जुड़ेंगे, तो उन्हें नई जानकारियां और आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। राज्य सरकार बस्तर के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड का लावा गांव बैलाडीला की ऊंची पहाड़ियों के पीछे घने जंगलों के बीच स्थित है। किरंदुल स्थित एनएमडीसी के प्रमुख लौह अयस्क खनन क्षेत्र से लगभग आठ किलोमीटर दूर होने के बावजूद गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है। गांव के 21 आदिवासी परिवारों को दैनिक जरूरतों के लिए कठिन पहाड़ी और पथरीले रास्तों से गुजरना पड़ता है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन लेने के लिए भी ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसी विषम भौगोलिक परिस्थितियों में सामुदायिक टेलीविजन की स्थापना ग्रामीणों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल है।

लावा और आसपास का पुरेंगल क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। दुर्गम पहाड़ियों, घने जंगलों और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण इस क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों और विकास कार्यों का विस्तार कठिन बना हुआ था। सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों और बदलती सुरक्षा परिस्थितियों के फलस्वरूप अब इस क्षेत्र में प्रशासन की पहुंच बढ़ी है। हाल ही में जिला कलेक्टर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लावा गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। जहां कभी सुरक्षा चुनौतियों के कारण प्रशासन का पहुंचना कठिन था, वहां अब अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी तथा विकास योजनाओं की पहल ग्रामीणों में नई उम्मीद जगा रही है।

लावा गांव की दुर्गम भौगोलिक स्थिति और पारंपरिक विद्युत ग्रिड से दूरी को देखते हुए सामुदायिक टेलीविजन के संचालन के लिए सौर ऊर्जा का विकल्प अपनाया गया है। लावा गांव में स्थापित सामुदायिक टेलीविजन का लाभ गांव के सभी 21 परिवारों को मिल सकेगा। ग्रामीण एक स्थान पर एकत्र होकर समाचार, शैक्षणिक कार्यक्रम और मनोरंजन से संबंधित प्रसारण देख सकेंगे। बैलाडीला की पहाड़ियों के बीच बसे लावा गांव में पहली बार गूंजी टेलीविजन की आवाज केवल एक नई सुविधा के आने की कहानी नहीं, बल्कि उस बदलते बस्तर की झलक है, जहां नक्सलवाद की चुनौतियों के बीच अब शिक्षा, तकनीक और विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Tags