(अपडेट) मप्र के कटनी और सिवनी में आग की दो घटनाओं की 12 लोग जिंदा जले, मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख

युगवार्ता    09-Nov-2026
Total Views |
कटनी के बरही में आग की घटना की तस्वीर


- मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने के दिए निर्देश

भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में दीपावली पर्व पर रविवार की रात आग लगने की दुखद घटना में दो परिवारों के 12 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों हादसों में दो परिवारों के सदस्यों के निधन की घटना पर गहन दुःख व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि घटना अत्यंत हृदय विदारक है। उन्होंने सभी दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

दरअसल, प्रदेश में दीपावली की बरही में तीन मंजिला मकान में लगी आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो महीने का मासूम, दो बच्चियां, उनकी मां और दादा-दादी शामिल हैं। वहीं, सिवनी में सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई। दोनों जगह कुछ लोग किसी तरह बाहर निकलकर बचने में कामयाब रहे। दोनों जगहों पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तीन मंजिला इमारत में फैल गई। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें 14 साल की आर्या, 6 साल की अन्वी और दो महीने का मासूम शामिल है। हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। सूचना मिलने पर बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और युवाओं ने भी आग बुझाने में मदद की।

घटना की सूचना मिलते ही कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी गंभीरता से काम नहीं करते। लोगों ने दमकल कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अस्पताल की खराब व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई।

इस पर कलेक्टर ने कहा कि यह एक अपूरणीय क्षति है और मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। मौके पर चार-चार फायर ब्रिगेड होने के बावजूद हम 6 जिंदगियां नहीं बचा सके। उन्होंने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि सभी फायरमैन को बेहतर प्रशिक्षण के लिए नागपुर के फायर इंस्टीट्यूट भेजा जाएगा।

वहीं, सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लग गई। घटना के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 की जान चली गई। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। हादसे में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हो गई। वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बचा लिया गया।

सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। मौके पर बिजली के तार बुरी तरह जले हुए मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद घटना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

उज्जैन में भी दुकानों में आग लगने से एक बुजुर्ग की मौत

इधर, दीपावली की रात एक अन्य घटना उज्जैन में भी हुई। यहां नागझिरी क्षेत्र में दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुआं ऊपर बने मकान तक पहुंच गया। उस समय मकान में विश्वकर्मा परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। सभी आग और धुएं के बीच फंस गए। व्यापारियों, स्थानीय लोगों, पुलिस और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। हालांकि, इस दौरान 107 वर्षीय बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई। परिवार के कमलेश ने बताया कि सभी ने दीपावली का पूजन किया था। इसके बाद बच्चे पटाखे फोड़ने के लिए नीचे जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी मकान में धुआं भर गया और परिवार के सदस्य उसकी चपेट में आ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags