

नई दिल्ली, 16 फरवरी (हि.स.)। एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने यहां आए आयरलैंड के सार्वजनिक व्यय एवं डिजिटलीकरण मंत्री जैक चेम्बर्स से वाणिज्य एवं उद्योग और सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने सोमवार को मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सुधार आधारित शासन, उभरती प्रौद्योगिकियों और निवेश संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
जितिन प्रसाद ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारत भरोसेमंद तकनीक, लचीली सप्लाई चेन और नवाचार आधारित विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिससे भारत और आयरलैंड के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने इसे उत्पादक बैठक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच डिजिटलाइजेशन और निवेश के क्षेत्र में साझेदारी को और आगे बढ़ाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक एआई इम्पैक्ट समिट के साथ ही एआई एक्सपो का भी आयोजन हो रहा है। इसमें 65 से अधिक देशों की भागीदारी होगी और 600 से अधिक स्टार्टअप्स अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर