
बीजापुर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान के दाैरान साेमवार काे विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान के दौरान दो आईईडी सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक, हथियार के पुर्जे और अन्य सामग्री बरामद किया। सभी बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
थाना उसूर के ताड़पाला बेस एरिया में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपु) की 229वीं वाहिनी ने एक नाले के पास दो आईईडी बरामद किए। इनमें से एक बियर की बोतल में और दूसरा बीजीएल (बंकर ग्रेनेड लॉन्चर) में लगाया गया था। इसके अतिरिक्त, केरिपु 229/ई ने कमलापुर के जंगलों में और केरिपु 222 ने गंगालूर के कोरचोली में नक्सलियों द्वारा बनाए गए दो स्मारकों को ध्वस्त कर दिया।
आगे की तलाशी के दौरान, सुरक्षा बलों को जमीन के नीचे छिपाए गए 40 बीजीएल, 35 बीजीएल राउंड, 90 बैटरी, आईईडी निर्माण के लिए 7 लोहे की पाइप, ग्रेनेड सामग्री, लेथ मशीन के पुर्जे, आयरन कटर, प्लास्टिक ड्रम, वाटर पंप और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री मिली।
थाना भोपालपटनम के कोंडापड़गु में केरिपु की 22वीं और 214वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग अभियान के दौरान चार बियर बॉटल आईईडी बरामद किए। इन सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे एक बड़े संभावित खतरे को टाल दिया गया।
बीजापुर पुलिस ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान तेजी से जारी रहेगा, इन कार्रवाइयों से नक्सल गतिविधियां कमजोर पड़ रही है। क्षेत्र में शांति बहाली में मदद मिल रही है। सुरक्षाबलों की सतर्कता से ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे