संसदीय राजभाषा समिति ने राष्ट्रपति को सौंपा प्रतिवेदन का 13वां खंड

युगवार्ता    16-Feb-2026
Total Views |
अमित शाह सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को संसदीय राजभाषा समिति के प्रतिवेदन का 13वां खंड प्रस्तुत करते हुए


नई दिल्ली, 16 फ़रवरी (हि.स.)। संसदीय राजभाषा समिति के अध्यक्ष एवं गृहमंत्री अमति शाह ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर समिति के प्रतिवेदन का 13वां खंड उन्हें प्रस्तुत किया।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस औपचारिक कार्यक्रम में संसदीय राजभाषा समिति के सदस्य भी उपस्थित थे। शाह ने समिति की ओर से तैयार प्रतिवेदन का 13वां खंड राष्ट्रपति को सौंपा। इस अवसर पर राजभाषा के संवर्धन एवं सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रभावी प्रयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

राष्ट्रपति ने राजभाषा के प्रसार और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं के विकास और राजभाषा के उपयोग को बढ़ावा देना राष्ट्रीय एकता और प्रशासनिक दक्षता के लिए महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, लोकसभा सांसद भर्तृहरि महताब और राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा के अलावा समिति के अन्य सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags