
कोलकाता, 17 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल यानी बुधवार को पश्चिम बंगाल आ रहे हैं। वह यहां नदिया जिला के मायापुर में अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के मुख्यालय का संक्षिप्त दौरा करेंगे।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह यात्रा पूर्णतः धार्मिक कार्यक्रम में भागीदारी के लिए है और इसमें किसी प्रकार की राजनीतिक सभा या बैठक शामिल नहीं है।
कार्यक्रम के अनुसार शाह दोपहर को कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से मायापुर रवाना होंगे। हेलिपैड पर उतरने के बाद वे गोल्फ कार्ट से मंदिर परिसर तक जाएंगे, जहां वैदिक गुरुकुल के विद्यार्थियों और मंदिर प्रबंधन द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया जाएगा।
मंदिर परिसर में गृह मंत्री इस्कॉन के संस्थापक आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे भगवान नरसिंह, श्री चैतन्य महाप्रभु तथा राधा-माधव के मंदिरों में पूजा-अर्चना और विशेष अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
वे एक आध्यात्मिक नेता की जयंती के मौके पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप का है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने स्पष्ट किया है कि इस दौरे के दौरान कोई राजनीतिक बैठक या जनसभा निर्धारित नहीं है। राज्य इकाई के कई वरिष्ठ नेता तथा स्थानीय संगठन के पदाधिकारी मंदिर परिसर में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के बाद शाह मायापुर से कोलकाता लौटेंगे और वहां से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर