
गुवाहाटी, 17 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, ऑल इंडिया युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ), असम गण परिषद (अगप) ने मंगलवार को यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात की। विधान सभा चुनाव के संबंध में अपने सुझाव दिए।
भाजपा, अगप और कांग्रेस के अलावा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) सहित कई राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों ने आज भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की और अपनी-अपनी प्रस्तुतियां पेश कीं। भाजपा की ओर से सांसद और राज्य चुनाव समिति के संयोजक प्रदान बरुवा, शिक्षा मंत्री और चुनाव घोषणा पत्र समिति के संयोजक सिद्धार्थ भट्टाचार्य और राज्य चुनाव सेल के संयोजक ध्रुबज्योति डेका ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया कि विधानसभा चुनाव रोंगाली बिहू से पहले कराए जाएं।
उन्होंने जोर दिया कि आज असम में सड़कों का बुनियादी ढांचा काफी बेहतर हुआ है, कनेक्टिविटी में वृद्धि हुई है, और कानून-व्यवस्था का माहौल अत्यंत शांत और स्थिर है। इन परिवर्तनकारी विकासों के मद्देनज़र, उन्होंने आयोग से अपील की कि पूरे राज्य में चुनावी प्रक्रिया को न्यूनतम और समेकित समयावधि में पूरा किया जाए। इसकी जानकारी प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कल्याण गोगोई ने एक आधिकारिक बयान में दिया है।
विचार-विमर्श के दौरान, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी और असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल तथा आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि आगामी असम विधानसभा चुनावों के विभिन्न पहलुओं की समग्र समीक्षा और निगरानी करने के लिए, भारत निर्वाचन आयोग का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को असम पहुंचा है। इस प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार कर रहे हैं ।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय