आईसीजी और गुजरात एटीएस ने समुद्री सीमा पर 203 किलो क्रिस्टलाइन ड्रग बरामद किया

युगवार्ता    17-Feb-2026
Total Views |
बरामद ड्रग के साथ आईसीजी और गुजरात एटीएस के अधिकारी


- पकड़ी गई नाव को चालक दल के दो सदस्यों के साथ पोरबंदर लाया गया

नई दिल्ली, 17 फरवरी (हि.स.)। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और गुजरात एटीएस ने बीती रातभर ऑपरेशन के बाद अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास मादक पदार्थ की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पीछा करके पकड़ी गई नाव से संयुक्त टीम ने क्रिस्टलाइन कंटेंट के 203 किलो ड्रग्स बरामद किया, जो एक-एक किलो के पैकेट में था। पकड़ी गई नाव को चालक दल के दो सदस्यों के साथ आगे की जांच के लिए पोरबंदर लाया गया है।

आईसीजी के कमांडर अमित उनियाल ने मंगलवार को बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर 16 फरवरी को रातभर भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात एटीएस के साथ मिलकर समुद्र में एक ऑपरेशन किया। गुजरात एटीएस से इनपुट मिलने के बाद कोस्ट गार्ड रीजन (उत्तर पश्चिम) में मल्टी मिशन पर तैनात आईसीजी जहाज को विदेशी नाव का पीछा करने के लिए डायवर्ट किया गया, जिस पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास मादक पदार्थ की तस्करी करने का शक था।

उन्होंने बताया कि घनी अंधेरी रात के बावजूद आईसीजी के जहाज ने इंसानी और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए संदिग्ध नाव की पहचान की। पास आ रहे आईसीजी शिप को देखकर संदिग्ध नाव आईएमबीएल की ओर भागने लगी। इसके बाद शुरुआती दूरी के बावजूद पीछा करके स्पीड बोट को रोक लिया गया। नाव पर चढ़ने पर पता चला कि उस पर दो विदेशी क्रू मेंबर थे। नाव की अच्छी तरह से तलाशी ली गई, तो छिपाकर रखे गए ​एक-एक किलो के क्रिस्टलाइन कंटेंट के 203 पैकेट मिले, जिनके ड्रग्स होने का शक था। पकड़ी गई नाव को चालक दल के सदस्यों के साथ पोरबंदर लाया गया है। बरामद पदार्थ को केमिकल परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Tags