धर्मशाला, 17 फ़रवरी (हि.स.)।
जिला कांगड़ा के शाहपुर में प्रदेश भर के 300 से अधिक खिलाड़ी व ऑफिशियल जुटेंगे। शाहपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 24-25 फरवरी को किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 24 फरवरी को पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर करेंगे। इस दौरान हॉफ मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश की जिला कांगड़ा इकाई की ओर से किया जा रहा है। प्रतियोगिता के समापन में कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ राजीव भारद्वाज कर विजेताओं को सम्मानित करेंगे। इसमें प्रदेश भर से 24 टीमें भाग लेंगी। इसमें लडक़े व लड़कियों दोनों के मैच करवाये जाएंगे।
संघ के जिलाध्यक्ष कमल कुमार शर्मा व संयुक्त सचिव प्रदीप शर्मा ने मंगलवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में कहा कि 19 फरवरी को जिला कांगड़ा के लिए ट्रायल किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ हाफ मैराथन छह किलोमीटर तक शाहपुर से रेत तक आयोजित की जाएगी। जिसमें सभी युवा व अन्य लोग विशेष रूप से भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों की महिला व पुरुष वर्ग की टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी। हर जिला से दो टीमें भाग लेने आ रही हैं। हॉफ मैराथन में पहले पांच स्थानों पर जगह बनाने वाले महिला व पुरुषों को पुरस्कृत किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया