भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 फरवरी से तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर

युगवार्ता    17-Feb-2026
Total Views |
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन


गांधीनगर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 से 22 फरवरी तक तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अहमदाबाद और गांधीनगर में आयोजित 10 से अधिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

इस संबंध में गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने कोबा, गांधीनगर स्थित प्रदेश कार्यालय ‘श्री कमलम’ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा में सामान्य पृष्ठभूमि से आए कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा भाजपा की विचारधारा के प्रति समर्पित और युवावस्था से सक्रिय भूमिका निभाने वाले नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के अब तक के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।

20 फरवरी : स्वागत और संवाद कार्यक्रम

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन 20 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे नारणपुरा स्थित जीएससी बैंक में सांसदों और विधायकों के साथ संवाद करेंगे। शाम 5:30 बजे गांधीनगर इन्फोसिटी में उद्योगपतियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, डॉक्टरों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ‘बजट मीट’ कार्यक्रम में भाग लेंगे।

21 फरवरी: संगठन बैठक और युवा कार्यक्रम

दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन 21 फरवरी को सुबह 6 बजे साबरमती रिवरफ्रंट पर मॉर्निंग वॉक करेंगे और सुबह 8:45 बजे भद्रकाली माता मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे गांधीनगर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘श्री कमलम’ में प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे सोशल मीडिया टीम के साथ बैठक कर मार्गदर्शन देंगे। शाम 4 बजे गिफ्ट सिटी में आयोजित ‘यंग वॉइस समिट’ में युवा उद्यमियों और स्टार्टअप फाउंडर्स को संबोधित करेंगे तथा शाम 5:30 बजे अहमदाबाद के जीएमडीसी हॉल में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

22 फरवरी: ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता

दौरे के तीसरे दिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष 22 फरवरी को सुबह 10:45 बजे अहमदाबाद के खाड़िया क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को देखेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला गुजरात दौरा है और गुजरात भाजपा के कार्यकर्ता उनके स्वागत को लेकर उत्साहित हैं।

_____________________

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags