महिला प्रो गोल्फ टूर: वाणी कपूर और त्वेसा मलिक संयुक्त बढ़त पर

युगवार्ता    18-Feb-2026
Total Views |
महिला प्रो गोल्फ टूर: वाणी कपूर और त्वेसा मलिक संयुक्त बढ़त पर


पुणे, 18 फरवरी (हि.स.)। महिला प्रो गोल्फ सर्किट के चौथे चरण में रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। वाणी कपूर ने शानदार खेल दिखाते हुए दो राउंड के बाद शीर्ष स्थान पर त्वेसा मलिक की बराबरी कर ली है। दोनों खिलाड़ी महिला प्रो गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के इस चरण में खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरी हैं। प्रतियोगिता पूना क्लब गोल्फ कोर्स में खेली जा रही है।

2025 की ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता वाणी कपूर ने संतुलित खेल दिखाया। फ्रंट नाइन में बर्डी और बोगी का मिला-जुला दौर रहा, लेकिन नौवें होल की बर्डी ने उन्हें अंडर-पार में पहुंचाया। बैक नाइन में एक बर्डी और एक बोगी के साथ उन्होंने 70 का कार्ड खेलकर बढ़त साझा कर ली।

त्वेसा मलिक ने पहले होल पर बर्डी से शुरुआत की, हालांकि आठवें होल के डबल-बोगी से उनका स्कोर प्रभावित हुआ। बाद में 11वें, 14वें और 16वें होल पर बर्डी लगाकर उन्होंने वापसी की और इवन-पार पर राउंड खत्म किया।

दिन की सर्वश्रेष्ठ पारी स्नेहा सिंह के नाम रही, जिन्होंने बिना किसी बोगी के 67 का स्कोर बनाया। वह अब रिद्धिमा दिलावारी के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। रिद्धिमा, जो पहले दिन सह-लीडर थीं, दूसरे राउंड में 72 खेलकर एक स्थान खिसक गईं।

तीसरे राउंड के बाद प्रतिस्पर्धा और कड़ी हो गई है। नेहा त्रिपाठी, लावन्या गुप्ता और अनुराधा चौधरी 3-ओवर कुल स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर हैं। जैसमिन शेकर आठवें स्थान पर काबिज हैं।

नौवें स्थान पर नयनिका सांगा, जहान्वी बख्शी, लावन्या टंडन, विधात्री उर्स और दुर्गा नित्तुर संयुक्त रूप से मौजूद हैं। कट 156 पर लगा और 32 खिलाड़ी अंतिम राउंड में पहुंचीं।

49 खिलाड़ियों के बड़े फील्ड और 17 लाख रुपये की इनामी राशि वाले इस चरण का फैसला अब अंतिम दिन होगा, जहां वाणी, त्वेसा और स्नेहा खिताब के लिए सीधी टक्कर में नजर आएंगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags