अश्विनी वैष्णव ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में ‘वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर’ का उद्घाटन किया

युगवार्ता    18-Feb-2026
Total Views |
‘वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर’ का उद्घाटन का उद्घाटन करते अश्विनी वैष्णव


नई दिल्ली, 18 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारणमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दूसरे दिन ‘वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर’ का उद्घाटन किया। यह मंच पूरी तरह नवाचार केंद्र है, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जरिए एनिमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी जैसी तकनीक के नए प्रयोग दिखाए जा रहे हैं।

केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, उद्घाटन के दौरान वैष्णव ने पवेलियन का दौरा किया और वेवएक्स स्टार्टअप समूह के उद्यमियों के साथ-साथ एडोबी, नेटफ्लिक्स, सोनी और अमेज़न जैसी बड़ी कंपनियों के अधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह मंच मंत्रालय की योजनाओं जैसे वेवएक्स, वेव्स बाजार और क्रिएट इन इंडिया चुनौतियों का विस्तार है।

इस मौके पर मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के 51 स्टार्टअप्स ने अपनी एआई आधारित तकनीक और नए अनुभव प्रस्तुत किए। इनमें भाषा सेतु और कला सेतु चुनौतियों के विजेता भी शामिल रहे। वैष्णव ने इन उद्यमियों से बातचीत की और उनके प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि एआई समाज पर गहरा असर डाल रहा है और यह तकनीक ग्रामीण भारत के युवाओं को विश्वस्तरीय स्टार्टअप बनाने का अवसर दे रही है। पवेलियन में नई तकनीक का प्रदर्शन किया गया। इनमें रियल-टाइम गेम डेवलपमेंट, प्रॉम्प्ट-टू-सिनेमा लाइव स्टूडियो, एआई आधारित न्यूजरूम, आवाज की तुरंत नकल करने वाली तकनीक, बहुभाषी चैट ऐप, 270 डिग्री एआई फिल्म प्रदर्शन, चेहरे और आवाज की उम्र बदलने वाली तकनीक और बिना मार्कर के मोशन कैप्चर जैसी सुविधाएं शामिल थीं।

वैष्णव ने आईआईसीटी की सराहना की, जिसने रचनात्मक शिक्षा में एआई को शामिल कर छात्रों को बदलते उद्योग की मांगों के लिए तैयार करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर पूरे सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञों की चर्चाओं, फिल्मकारों की मास्टरक्लास और तकनीकी सत्रों की मेजबानी करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags