अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में वर्धमान कॉलेज ने फहराया परचम

युगवार्ता    18-Feb-2026
Total Views |
विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए अतिथि


बिजनौर, 18 फरवरी (हि.स.)। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में कई जनपदों के खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए वर्धमान कॉलेज के खिलाड़ियों ने परचम लहराया। पुरुष वर्ग में सर्वज्ञ, जबकि महिला वर्ग में उनकी बहन श्रेया विजेता बनी।

वर्धमान कॉलेज बिजनौर के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय द्वारा प्रथम अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महिला व पुरुष वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ वर्धमान डिग्री कॉलेज बिजनौर की प्राचार्या डॉक्टर प्रीति खन्ना ने शतरंज की चाल चलकर किया। । प्रतियोगिता में बिजनौर जनपद के अलावा मुरादाबाद व रामपुर जनपद से आये खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय की ओर से डॉक्टर सनी कुमार (गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज चांदपुर) को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।

वहीं निर्णायक मंडल में सीनियर नेशनल आर्बिटर विवेक त्यागी, नूतन भारद्वाज, शोभित जैन एवं प्रीति त्यागी रहे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूर्ण मनोयोग से शह और मात का खेल खेला। इनमें से पुरुष वर्ग में सर्वज्ञ भारद्वाज और महिला वर्ग में श्रेया भारद्वाज ने प्रथम स्थान हासिल किया। ये दोनों ही विजेता वर्धमान डिग्री कॉलेज बिजनौर के विद्यार्थी है और सगे भाई बहन है। पुरुष वर्ग में सूर्य प्रभाकर रस्तोगी (हिंदू कॉलेज मुरादाबाद) ने द्वितीय, प्रज्ज्वल चौहान (हिंदू कॉलेज मुरादाबाद) ने तृतीय और सुदर्शन शर्मा(वर्धमान डिग्री कालेज बिजनौर) ने चतुर्थ स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में आशी उज्जवल (वर्धमान डिग्री कालेज बिजनौर) ने द्वितीय, अनुकृति (वर्धमान डिग्री कालेज बिजनौर) ने तृतीय और सानिया श्रीवास्तव(राजकीय रजा कालेज रामपुर) ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। दोनों ही वर्गों में प्रथम चार स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी अब नार्थ जॉन विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता के समापन पर प्राचार्या डा. प्रीति खन्ना व वरिष्ठ पत्रकार अवनीश गौड़ द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डा. जयदीप शर्मा(विभागाध्यक्ष शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग) ने सभी का आभार जताया। प्रतियोगिता को संपन्न कराने में डॉक्टर चारुदत्त, डॉक्टर विकास त्यागी, डॉक्टर यश चौहान, डॉक्टर एसके सोन, डॉक्टर प्रशांत सिंह, डॉक्टर कविता डॉक्टर आयुष बघेल डॉक्टर अंचितम गुप्ता आदि का विशेष सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Tags