
देहरादून, 18 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत 22 और 23 फरवरी को उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे। वे यहां संघ के शताब्दी वर्ष के तहत समाज के विभिन्न वर्गों के लिए आयाेजित विशेष संवाद कार्यक्रम मेंशामिल हाेंगे।
उत्तराखंड के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बुधवार को बताया कि 22 फरवरी को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत उत्तराखंड प्रांत के प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय और नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। 23 फरवरी को वे प्रदेश के सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रदेश के संघ कार्यकर्ताओं ने समाज के विभिन्न वर्गों के प्रमुख नागरिकों और पूर्व सैनिकों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क कर आमंत्रित किया जा रहा है। इन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विविध वर्गों के बीच विचार-विमर्श को बढ़ावा देकर विकसित, श्रेष्ठ और समर्थ भारत के निर्माण के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय