
नई दिल्ली, 19 फ़रवरी (हि.स.)। यूरोपीय संघ की महिला अधिकार एवं लैंगिक समानता समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर से मुलाकात की। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में आयोजित इस बैठक में लीना गाल्वेज़ के नेतृत्व में 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से महिला अधिकारों, लैंगिक समानता को लेकर गहन चर्चा की गई।
इस मौके पर केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रतिनिधि के साथ चर्चा का केंद्र बिंदु महिला अधिकार, लैंगिक समानता, बाल संरक्षण और समावेशी विकास रहा था। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, पोषण, शिक्षा और सशक्तिकरण को मजबूत करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के बारे में भी जानकारी साझा की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकें आपसी समझ को गहरा करती हैं और अधिक समान एवं समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में सहयोग के नए रास्ते खोलती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी